हिमंता बिस्वा सरमा ने दूसरी बार ली असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ, चार विधायकों ने भी ली मंत्री पद की शपथ

हिमंता बिस्वा सरमा ने दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया है. वह राज्य में लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे.

calender

गुवाहाटी: हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को गुवाहाटी में लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की राजनीति में नया इतिहास रच दिया. वह असम में लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं. खानपारा पशु चिकित्सा महाविद्यालय मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मौजूद रहे.

खानपारा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर खानपारा क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. इलाके में बैरिकेडिंग की गई, यातायात मार्गों में बदलाव किया गया और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही.

कार्यक्रम स्थल के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की मौजूदगी देखने को मिली.

चार विधायकों ने भी ली मंत्री पद की शपथ

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के साथ चार विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली. इनमें भाजपा नेता रामेश्वर तेली और अजंता नियोग शामिल हैं.

इसके अलावा सहयोगी दल असम गण परिषद (एजीपी) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चंदन ब्रह्मा ने भी मंत्री पद की शपथ ली.

रणजीत कुमार दास होंगे विधानसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार

पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रणजीत कुमार दास को एनडीए ने असम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया है.

शपथ ग्रहण के बाद हुई पहली कैबिनेट बैठक

शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आयोजित की गई. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि भाजपा के चुनावी वादों और विकास एजेंडा को लागू करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.

विधानसभा चुनाव में NDA की बड़ी जीत

भाजपा, एजीपी और बीपीएफ के गठबंधन वाली एनडीए सरकार ने विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 सदस्यीय विधानसभा में कुल 102 सीटों पर जीत दर्ज की.

अकेले भाजपा ने 82 सीटें जीतकर राज्य में पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया. वहीं एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की. First Updated : Tuesday, 12 May 2026