चेन्नई: तमिलनाडु में सरकार गठन का सस्पेंस लंबा खिंचता जा रहा है। TVK प्रमुख थलापति विजय का शपथ ग्रहण एक बार फिर टल गया है। इस देरी से नाराज विजय के एक समर्थक ने खुद को आग लगा ली। 40 साल के इसक्कियप्पन बुरी तरह झुलस गए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि विजय के CM बनने में हो रही देरी से वे परेशान थे।
इस बीच थोल. थिरुमावलवन की पार्टी विदुथलाई चिरुथइगल काची (VCK) ने कहा है कि वह शनिवार (09 मई 2026) शाम 4 बजे TVK को समर्थन देने पर फैसला सुनाएगी। VCK का रुख बेहद अहम है क्योंकि विजय की पार्टी बहुमत से सिर्फ 2 सीट दूर है। 234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन चाहिए। सूत्रों के मुताबिक TVK को अब सिर्फ दो और विधायकों की जरूरत है।
TVK नेताओं ने VCK प्रमुख थोल. थिरुमावलवन से सरकार बनाने के लिए औपचारिक समर्थन मांगा है। पार्टी की तरफ से VCK नेतृत्व को एक पत्र भी भेजा गया है। चेन्नई में लगातार बैठकें और बातचीत चल रही है।
सियासी गलियारों में सबकी नजर VCK के फैसले पर है। VCK का समर्थन तय करेगा कि विजय को राजभवन से न्योता मिलेगा या नहीं। VCK के वरिष्ठ नेता भी ऐलान से पहले लगातार मंथन कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं और विश्लेषकों में भी फैसले को लेकर बेचैनी है।
23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में किसी दल को साफ बहुमत नहीं मिला। लेकिन TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर सियासी समीकरण बदल दिया। इसके बाद से विजय सरकार गठन की चर्चा के केंद्र में हैं।
कांग्रेस और वाम दल पहले ही TVK को बाहर से समर्थन का ऐलान कर चुके हैं। इससे विजय का दावा मजबूत हुआ है। फिर भी राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की तरफ से न्योते को लेकर असमंजस बना हुआ है।
गौरतलब है कि बहुमत के करीब पहुंचने के बाद भी TVK का शपथ ग्रहण बार-बार टल रहा है। इससे विजय के समर्थकों में नाराजगी बढ़ रही है। इसक्कियप्पन की घटना ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है। अब सबकी नजर VCK के 4 बजे के ऐलान पर है। अगर VCK साथ आ जाती है तो विजय के लिए रास्ता साफ हो जाएगा। नहीं तो तमिलनाडु की सियासत में नया मोड़ आ सकता है। First Updated : Saturday, 09 May 2026