थोड़ी ही देर में CM पद की शपथ लेंगे थलपति विजय, 9 मंत्री भी होंगे शामिल

तमिल सुपरस्टार और TVK प्रमुख थलपति विजय आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. चेन्नई में होने वाले इस भव्य समारोह में 9 मंत्री भी शपथ लेंगे, जबकि राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है.

calender

चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति आज एक ऐतिहासिक मोड़ लेने जा रही है. तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के संस्थापक और अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय रविवार सुबह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में होने वाले भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे.

विजय के शपथग्रहण को लेकर राज्यभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं के भी समारोह में शामिल होने की संभावना है. सुबह 10 बजे शुरू होने वाला यह कार्यक्रम तमिलनाडु की राजनीति में नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है.

9 मंत्री भी लेंगे शपथ

मुख्यमंत्री के साथ टीवीके सरकार के 9 मंत्री भी शपथ लेंगे. राज्यपाल आर्लेकर ने विजय की ओर से भेजी गई मंत्रियों की नियुक्ति संबंधी सिफारिश को मंजूरी दे दी है.

इन नेताओं में एन आनंद, आधव अर्जुन, के ए सेंगोट्टैयन और एस कीर्तना समेत कुल नौ नाम शामिल हैं. नई कैबिनेट को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह है.

तमिलनाडु में पहली बार गैर-द्रविड़ दल की सरकार

इस शपथग्रहण समारोह के साथ तमिलनाडु में पहली बार किसी गैर-द्रविड़ दल की सरकार बनने जा रही है. लंबे समय से राज्य की राजनीति पर द्रमुक (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) का दबदबा रहा है, लेकिन अब टीवीके ने सत्ता तक पहुंचकर राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं.

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह बदलाव तमिलनाडु की राजनीति में बड़े परिवर्तन का संकेत माना जा रहा है.

एक हफ्ते तक चला राजनीतिक सस्पेंस

सरकार गठन को लेकर पिछले एक सप्ताह से तमिलनाडु में राजनीतिक हलचल तेज थी. कई दौर की चर्चाओं और समर्थन जुटाने के बाद आखिरकार राज्यपाल वीआर आर्लेकर ने विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया.

राजभवन में विजय और सहयोगी दलों के नेताओं के साथ दो घंटे से अधिक चली बैठक के बाद राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त करने का फैसला लिया.

सहयोगी दलों के साथ पेश किया था दावा

सरकार गठन से पहले विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर 120 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा था. विजय ने कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), विदुधलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायकों के समर्थन के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया था.

इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया. इस दौरान कांग्रेस प्रभारी गिरीश चोडनकर, तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई, माकपा राज्य सचिव पी. शन्मुगम, सांसद सु. वेंकटेशन समेत सहयोगी दलों के कई नेता मौजूद रहे. First Updated : Sunday, 10 May 2026