कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने के साथ ही सुभेंदु अधिकारी की राजनीतिक और निजी जिंदगी दोनों चर्चा में आ गई हैं. खास बात यह है कि देश के कई बड़े नेताओं के मुकाबले उनकी संपत्ति अपेक्षाकृत कम है.
चुनावी हलफनामे के मुताबिक सुवेंदु अधिकारी के पास कुल करीब 85-86 लाख रुपये की संपत्ति है. उन्होंने अपने निवेश का बड़ा हिस्सा सरकारी बचत योजनाओं, बैंक डिपॉजिट और LIC पॉलिसियों में लगाया हुआ है. आइए जानते हैं कि नए मुख्यमंत्री ने कहां-कहां निवेश किया है और इन योजनाओं से उन्हें कितना फायदा मिल सकता है.
हलफनामे के अनुसार सुवेंदु अधिकारी के पास चुनाव से पहले केवल 12 हजार रुपये नकद थे. उनके ऊपर किसी भी तरह का कर्ज नहीं है.
उन्होंने PNB, SBI, IDBI समेत कई बैंकों और पोस्ट ऑफिस योजनाओं में निवेश किया हुआ है. इसके अलावा LIC, किसान विकास पत्र (KVP), NSC और पोस्टल सेविंग स्कीम्स में भी उनकी अच्छी-खासी रकम लगी हुई है.
सुवेंदु अधिकारी ने अलग-अलग बैंक खातों और पोस्ट ऑफिस अकाउंट्स में कुल करीब 8 लाख रुपये जमा होने की जानकारी दी है.
इनमें PNB, SBI, IDBI, Axis Bank और को-ऑपरेटिव बैंकों के खाते शामिल हैं. पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट में भी उन्होंने राशि जमा कर रखी है.
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शेयर, बॉन्ड और को-ऑपरेटिव यूनिट्स में भी निवेश किया हुआ है. हलफनामे के मुताबिक उन्होंने लगभग 14,240 रुपये का निवेश शेयर और यूनिट्स में किया है.
सुवेंदु अधिकारी ने सरकारी स्मॉल सेविंग स्कीम्स में भी निवेश किया है. उन्होंने किसान विकास पत्र (KVP) में करीब 60 हजार रुपये और पोस्ट ऑफिस स्मॉल सेविंग सर्टिफिकेट्स में लगभग 2 लाख रुपये लगाए हैं.
इन योजनाओं को सुरक्षित और लंबी अवधि के निवेश के तौर पर देखा जाता है.
सुवेंदु अधिकारी ने LIC की कुल 7 पॉलिसियां ले रखी हैं. एक पॉलिसी में लगभग 6 लाख रुपये जमा हैं, जबकि बाकी 5 पॉलिसियों में करीब 7 लाख रुपये का निवेश किया गया है.
इन योजनाओं के जरिए उन्हें लाइफ कवर के साथ-साथ बचत और टैक्स छूट का फायदा भी मिलता है.
1. NSC (National Savings Certificate)
यह केंद्र सरकार की सुरक्षित निवेश योजना है, जिसमें फिलहाल करीब 7.7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलता है. इसमें आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत टैक्स छूट भी मिलती है.
2. किसान विकास पत्र (KVP)
इस योजना में निवेश की गई रकम तय समय में दोगुनी हो जाती है. वर्तमान में इस पर लगभग 7.5 प्रतिशत ब्याज मिलता है.
3. पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट
यह बचत खाते की तरह काम करता है और इस पर करीब 4 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलता है.
4. LIC पॉलिसी
LIC योजनाएं जीवन बीमा के साथ बचत और भविष्य की वित्तीय सुरक्षा भी देती हैं. मैच्योरिटी पर बोनस और टैक्स छूट जैसे फायदे भी मिलते हैं.
हलफनामे के अनुसार सुभेंदु अधिकारी ने वर्ष 2024-25 में करीब 17.38 लाख रुपये की आय घोषित की है.
इससे पहले 2023-24 में उनकी आय 10.37 लाख रुपये, 2022-23 में 8.78 लाख रुपये, 2021-22 में 8.08 लाख रुपये और 2020-21 में 8.13 लाख रुपये रही थी.
इस आय में निवेश से होने वाली कमाई के अलावा जनप्रतिनिधि के तौर पर मिलने वाला वेतन और अन्य आय भी शामिल है. First Updated : Saturday, 09 May 2026