नई दिल्ली: 8वें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों के बीच उम्मीदें लगातार बढ़ती जा रही हैं. माना जा रहा है कि इस बार केवल फिटमेंट फैक्टर या महंगाई भत्ते में बदलाव ही नहीं, बल्कि वेतन तय करने वाले मूल फॉर्मूले में भी बड़ा परिवर्तन हो सकता है. खासतौर पर ‘फैमिली यूनिट’ फॉर्मूले को लेकर कर्मचारी संगठनों ने सरकार के सामने नई मांगें रखी हैं.
सरकारी कर्मचारियों की बेसिक सैलरी, भत्ते और पेंशन तय करने में ‘फैमिली यूनिट’ की अहम भूमिका होती है. ऐसे में अगर इस फॉर्मूले में बदलाव होता है तो इसका सीधा असर लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की आय पर पड़ सकता है.
वेतन आयोग सबसे पहले यह तय करता है कि एक औसत सरकारी कर्मचारी के परिवार को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए कितने खर्च की जरूरत होगी. इसी अनुमान को ‘फैमिली यूनिट’ कहा जाता है.
यह व्यवस्था ‘एकरायड फॉर्मूला’ पर आधारित मानी जाती है, जिसमें भोजन, कपड़ा और मकान जैसी बुनियादी जरूरतों पर होने वाले खर्च का आकलन किया जाता है.
पारंपरिक रूप से इस यूनिट में कर्मचारी, पति या पत्नी और बच्चों को शामिल किया जाता है. इन सभी जरूरतों पर होने वाले कुल खर्च के आधार पर न्यूनतम बेसिक पे तय की जाती है.
‘फैमिली यूनिट’ वेतन निर्धारण में एक महत्वपूर्ण मल्टीप्लायर की तरह काम करती है. अगर आयोग यह मानता है कि अब परिवार का खर्च पहले की तुलना में ज्यादा बढ़ गया है, तो न्यूनतम वेतन का आधार भी बढ़ जाता है.
जैसे ही यह आधार बढ़ता है, पूरी पे मैट्रिक्स प्रभावित होती है. इसका सीधा असर बेसिक पे, फिटमेंट फैक्टर और अन्य भत्तों पर पड़ता है.
कर्मचारी संगठनों का कहना है कि मौजूदा फॉर्मूला काफी पुराना हो चुका है और यह आज के समय की जरूरतों के अनुरूप नहीं है.
यूनियनों का तर्क है कि अब केवल रोटी, कपड़ा और मकान ही मुख्य खर्च नहीं रहे. शहरों में रहन-सहन, बच्चों की शिक्षा, निजी स्कूल फीस, स्वास्थ्य सेवाएं और परिवहन पर होने वाला खर्च कई गुना बढ़ चुका है.
इसके अलावा कर्मचारी संगठन चाहते हैं कि ‘फैमिली यूनिट’ में बुजुर्ग माता-पिता को भी शामिल किया जाए, क्योंकि अधिकतर कर्मचारी उनकी जिम्मेदारी भी उठाते हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत तेजी से विकसित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है. ऐसे में वेतन केवल बुनियादी जरूरतें पूरी करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि कर्मचारियों को बेहतर जीवन स्तर भी मिलना चाहिए.
इसी वजह से कर्मचारी संगठन चाहते हैं कि नए वेतन आयोग में जीवनशैली से जुड़े बढ़ते खर्चों को भी शामिल किया जाए.
अगर 8वां वेतन आयोग ‘फैमिली यूनिट’ फॉर्मूले में बदलाव करता है तो इसका असर सिर्फ बेसिक पे तक सीमित नहीं रहेगा.
महंगाई भत्ता (DA), हाउस रेंट अलाउंस (HRA) और पेंशन में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. इसके साथ ही फिटमेंट फैक्टर बढ़ने की संभावना भी मजबूत हो जाएगी.
हालांकि इससे सरकार पर वित्तीय बोझ बढ़ सकता है, लेकिन बढ़ती महंगाई और जीवनशैली के खर्चों के बीच यह लाखों कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है. First Updated : Sunday, 10 May 2026