नई दिल्ली: National Testing Agency ने मंगलवार को बड़ा फैसला लेते हुए NEET UG 2026 परीक्षा रद्द करने की घोषणा कर दी. यह फैसला परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र लीक होने के आरोपों और जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद लिया गया. अब यह परीक्षा नई तारीखों पर दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी घोषणा जल्द की जाएगी.
देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा देने वाले लाखों छात्रों के बीच इस फैसले के बाद नाराजगी और चिंता का माहौल है. वहीं कई छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं. राजधानी दिल्ली में कांग्रेस की छात्र इकाई National Students' Union of India ने शिक्षा मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया.
एनटीए द्वारा 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा को लेकर आरोप लगे थे कि परीक्षा से एक रात पहले प्रश्न पत्र लीक हो गया था.
एजेंसी ने बयान जारी कर कहा कि जांच एजेंसियों से प्राप्त जानकारी और आंतरिक समीक्षा के बाद यह स्पष्ट हो गया कि परीक्षा प्रक्रिया को आगे जारी रखना संभव नहीं था.
एनटीए ने अपने बयान में कहा, "राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा बाद में जांचे गए इनपुट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा किए गए जांच निष्कर्षों के आधार पर, एनटीए ने भारत सरकार की मंजूरी से 3 मई को आयोजित एनईटी (यूजी) 2026 परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया है."
एनटीए ने बताया कि परीक्षा अब नई तारीखों पर आयोजित की जाएगी. संशोधित परीक्षा कार्यक्रम और नए एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी जल्द आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाएगी.
एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि छात्रों को दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी. पहले से जमा किया गया पंजीकरण डेटा, परीक्षा केंद्र और उम्मीदवारी विवरण नई परीक्षा के लिए मान्य रहेंगे.
एनटीए ने कहा कि पुनः परीक्षा के लिए किसी भी उम्मीदवार से अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा.
एजेंसी के अनुसार, उम्मीदवारों द्वारा पहले से जमा की गई फीस वापस कर दी जाएगी, जबकि दोबारा परीक्षा का आयोजन एनटीए अपने आंतरिक संसाधनों से करेगा.
भारत सरकार ने इस पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए केस Central Bureau of Investigation को सौंप दिया है.
एनटीए ने कहा कि वह जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देगा और सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराएगा.
परीक्षा रद्द होने के बाद कई राज्यों में छात्र संगठनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिए. दिल्ली में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शास्त्री भवन स्थित केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया.
छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है.
एनटीए ने उम्मीदवारों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें.
एजेंसी ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट जानकारी से बचें और संशोधित परीक्षा तिथि व एडमिट कार्ड से जुड़े अपडेट केवल आधिकारिक चैनलों से ही प्राप्त करें. First Updated : Tuesday, 12 May 2026