नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक के आरोपों के बाद NEET UG 2026 परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया है. 3 मई 2026 को हुई परीक्षा में 22 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे. इस फैसले से छात्रों के मन में अनिश्चितता और चिंता बढ़ गई है. साल भर की मेहनत पर फिलहाल ब्रेक लग गया है.
NTA ने छात्रों और अभिभावकों को आश्वासन दिया है कि उनकी साल भर की तैयारी व्यर्थ नहीं जाएगी. परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी. नई तारीखें जल्द ही घोषित की जाएंगी. एजेंसी ने साफ कहा है कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कठिन फैसला लिया गया है.
NTA ने इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है. एजेंसी CBI को पूर्ण सहयोग देगी जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
NTA ने माना है कि परीक्षा रद्द होने से छात्रों और उनके परिवारों को काफी परेशानी होगी. फिर भी परीक्षा प्रणाली पर लोगों का भरोसा बनाए रखना ज्यादा जरूरी है. एजेंसी ने सभी छात्रों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट और नोटिस पर ही भरोसा करें. सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें.
इस फैसले से कई छात्र निराश हैं. एक तरफ पेपर लीक की आशंका को दूर किया गया है, वहीं दूसरी तरफ मानसिक तनाव बढ़ गया है. अब सभी की नजरें नई परीक्षा तारीख पर टिकी हुई हैं.
NTA का कहना है कि नई परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराई जाएगी. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपनी तैयारी जारी रखें और आने वाली तारीख का इंतजार करें. First Updated : Tuesday, 12 May 2026