नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और लगभग पूरे उत्तर भारत में इस समय भीषण गर्मी का कहर लोगों पर बहुत प्रभाव डाल रहा है। लू और इससे संबंधित कई तरह की खबरें दिन-प्रति-दिन सामने आ रही है। ताजा मामला दिल्ली का है जहां गर्मी के एक चलती कार में आग लग गई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस घटना के बाद उस रास्ते से गुजरने वाले लोगों में डर का माहौल बन गया। हादसे वाली जगह के पास गाड़ियों की रफ्तार एकदम धीमी पड़ गई। लोग सहमे हुए नजर आए और कई यात्री वैकल्पिक रास्ते तलाशते दिखे। भीषण गर्मी के बीच सड़क पर लगी भीड़ ने हालात और मुश्किल कर दिए।
यह घटना तब हुई जब भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने दिल्ली में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार (19 मई 2026) को राजधानी में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। शहर के कई इलाकों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। तेज धूप और झुलसाने वाली हवाओं ने दिन में बाहर निकलना मुश्किल कर दिया।
दिनभर चलने वाली सूखी और गर्म हवाओं ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। दफ्तर जाने वाले लोग, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित दिखे। सड़कों पर पानी और छांव की तलाश करते लोग आम हो गए। IMD का कहना है कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में अभी लू का असर बना रह सकता है। लोगों को दोपहर के समय घर से न निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम केंद्रों के आंकड़े भी गर्मी की गंभीरता बता रहे हैं। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा है। पालम में पारा 28.1 डिग्री रहा जो सामान्य से 1 डिग्री ऊपर है।
जबकि लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से पूरे 3.0 डिग्री ज्यादा है। रिज इलाके में तापमान 28.1 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। आयानगर में भी पारा 27.4 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा है।
गौरतलब है कि डॉक्टरों ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने को कहा है। धूप में निकलते समय सिर ढककर रखें और जरूरी न हो तो दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर न जाएं। बुजुर्गों और बच्चों का खास ख्याल रखने की जरूरत है। मौसम विभाग अगले कुछ दिनों तक तापमान में राहत की उम्मीद नहीं जता रहा है। First Updated : Tuesday, 19 May 2026