नई दिल्ली: 19 मई को दिल्ली NCR में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। IMD के शाम 5:30 बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक राजधानी के सभी प्रमुख मौसम केंद्रों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला गया। इसके साथ ही यह पिछले दो साल में मई का सबसे गर्म दिन बन गया।
इससे एक दिन पहले 18 मई को भी मई का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया था। सोमवार को कई इलाकों में तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंच गया था। सफदरजंग स्टेशन पर अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री रहा था। लेकिन मंगलवार, 19 मई 2026 को पारा और चढ़ गया और 45.1 डिग्री तक पहुंचकर नया रिकॉर्ड बन गया।
मंगलवार को रिज इलाका सबसे ज्यादा तप गया। यहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री दर्ज किया गया। सफदरजंग और पालम में 45.1 डिग्री, लोधी रोड पर 45.2 डिग्री और आयानगर में 45.5 डिग्री तापमान रहा। सुबह 11 बजे ही सफदरजंग और पालम में पारा 41 डिग्री छू चुका था। दोपहर 12:45 बजे तक पूरे शहर में तापमान 44 डिग्री पार कर गया।
IMD के अनुसार पूरे इलाके में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहा। लोधी रोड पर पारा सामान्य से 6.2 डिग्री ऊपर था। रिज में 5 डिग्री और सफदरजंग में 4.7 डिग्री ज्यादा तापमान दर्ज हुआ। इस तरह की स्थिति को मौसम विभाग भीषण लू की श्रेणी में रखता है। 24 घंटे में ही अलग अलग केंद्रों पर तापमान 1.1 से 1.9 डिग्री तक बढ़ गया।
दिन के साथ साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27 से 28.2 डिग्री के बीच बना रहा। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री, जबकि पालम और रिज में 28.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
विशेषज्ञों का कहना है कि रात में भी तापमान ज्यादा रहने से शरीर को ठंडा होने का मौका नहीं मिलता और यह सेहत के लिए खतरनाक है। सुबह 8:30 से शाम 5:30 के बीच दिल्ली में कहीं भी बारिश नहीं हुई। सभी स्टेशनों पर 24 घंटे की बारिश शून्य रही। बादल न होने, सूखी हवाओं और तेज धूप ने गर्मी और बढ़ा दी।
गौरतलब है कि बढ़ते तापमान के साथ प्रदूषण भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। 19 मई को CAQM ने दिल्ली NCR में ग्रेप का पहला चरण लागू कर दिया। AQI खराब श्रेणी में पहुंचने के बाद यह कदम उठाया गया। CAQM ने बताया कि 19 मई को दिल्ली का AQI 208 रहा जो खराब श्रेणी में आता है। IMD और IITM के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में भी हवा की गुणवत्ता खराब ही रहेगी। First Updated : Tuesday, 19 May 2026