हैदराबाद: जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही लुफ्थांसा की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया. ईमेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और एयरपोर्ट पर आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए.
अधिकारियों के मुताबिक, फ्लाइट एलएच-754 को लेकर एयरलाइन के ग्राहक सहायता विभाग को एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें दावा किया गया कि विमान में बम लगाया गया है और शमशाबाद पहुंचने से पहले विस्फोट किया जाएगा. हालांकि विमान सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट पर उतर गया और उसके बाद उसे जांच के लिए आइसोलेशन बे में भेज दिया गया.
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में फ्लाइट एलएच-754 को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया था. सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया. इसके बाद पूरे एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
फ्लाइट के सुरक्षित उतरने के बाद विमान को अलग स्थान पर ले जाकर विस्तृत जांच शुरू की गई. बम निरोधक दस्ते और एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने विमान की पूरी तलाशी ली. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी तत्काल खतरे की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच प्रक्रिया जारी है.
इसी बीच, खराब मौसम और तेज हवाओं के चलते शमशाबाद एयरपोर्ट आने वाली दो अन्य उड़ानों का मार्ग भी बदलना पड़ा. पुणे से आने वाली एक फ्लाइट को विजयवाड़ा भेजा गया, जबकि दुबई से आने वाली Emirates की फ्लाइट को बेंगलुरु डायवर्ट किया गया.
सूत्रों के मुताबिक, दोनों विमानों ने हैदराबाद एयरपोर्ट पर दो बार उतरने की कोशिश की, लेकिन तेज हवाओं के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी. इसके बाद विमानन अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर विमानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर भेजने का फैसला लिया.
हवाई अड्डा प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा और मौसम से जुड़े सभी हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, सभी प्रक्रियाएं तय मानकों के अनुसार संचालित की जा रही हैं. First Updated : Friday, 15 May 2026