राजगढ़: राजगढ़ जिले के पचोर शहर में सोमवार (11 मई 2026) देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। शहर के बीच स्थित चुन्नालाल-मुन्नालाल पेट्रोल पंप पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे परिसर को घेर लिया। इस हादसे में 13 लोग झुलस गए जबकि फ्यूल से भरा टैंकर और करीब 15 बाइकें जलकर राख हो गईं। आग इतनी भयानक थी कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रात को 20 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल लेकर एक टैंकर पंप पर पहुंचा था। टैंकर से ईंधन खाली किया जा रहा था और उसी दौरान कई लोग अपनी गाड़ियों में तेल भरवा रहे थे। तभी अचानक आग भड़क उठी। कुछ सेकंड में ही आग ने विकराल रूप ले लिया और टैंकर, बाइकें और पंप परिसर धू-धू कर जलने लगा।
आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपनी गाड़ियां हटाने तक का वक्त नहीं मिला। लोग बाइकें वहीं छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। चश्मदीदों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में पूरा पेट्रोल पंप आग के बड़े गोले में तब्दील हो गया था। चीख-पुकार के बीच हर कोई सुरक्षित जगह की तरफ दौड़ रहा था।
हादसे में झुलसे 13 लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुरानी पचोर के बलराम गुर्जर बुरी तरह झुलस गए हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल राजगढ़ रेफर किया गया। कुछ गंभीर घायलों को शाजापुर भी भेजा गया है। देर रात तक अस्पताल में घायलों के आने का सिलसिला चलता रहा।
गौरतलब है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के लिहाज से आसपास के रास्ते बंद कर दिए गए। पचोर के साथ आसपास के इलाकों से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने की वजह पता करने के लिए जांच जारी है। First Updated : Monday, 11 May 2026