कोलकाता: कोलकाता के हावड़ा स्टेशन पर मंगलवार, 19 मई 2026 को मिथिला एक्सप्रेस में धुआं निकलने से हड़कंप मच गया। ट्रेन के जनरल कोच के शौचालय से अचानक धुआं उठता देख यात्री घबरा गए। स्टेशन पर मौजूद लोग भी दहशत में आ गए।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए प्रभावित कोच को बाकी ट्रेन से अलग कर दिया गया और उसमें सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना के बाद रेलवे पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्लेटफॉर्म पर खोजी कुत्ते भी तैनात किए गए ताकि किसी संदिग्ध चीज का पता लगाया जा सके। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने जुटाए हैं। सुरक्षा कर्मियों ने डिब्बे में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की। जैसे ही दूसरे कोच से यात्री प्लेटफॉर्म पर उतरे, स्टेशन पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। फिलहाल धुआं उठने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
इस मामले पर हावड़ा के मंडल वाणिज्य प्रबंधक और जनसंपर्क अधिकारी हरि नारायण गंगोपाध्याय ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि ट्रेन में असल में आग नहीं लगी थी। केवल डिब्बे के एक हिस्से से धुआं निकलता दिखा था। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जिस कोच से धुआं निकला था उसे ट्रेन से अलग करके हटा दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत कदम उठाए गए।
गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले सोमवार को बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर भी ऐसी ही घटना हुई थी। वहां सुबह करीब साढ़े पांच बजे प्लेटफॉर्म संख्या छह पर खड़ी सासाराम पटना सवारी गाड़ी के एक खाली डिब्बे से धुआं निकलता देखा गया।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ था। लगातार दो दिन ट्रेन में धुआं निकलने की घटनाओं से रेलवे अलर्ट हो गया है। First Updated : Tuesday, 19 May 2026