नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी पूरी रफ्तार पकड़ चुका है, जिससे दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है. दूसरी ओर उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी के बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बड़ा उलटफेर होने की संभावना है.
अगले कुछ दिनों में मौसम कैसा रहने वाला है
मौसम विभाग के अनुसार, 8 जून को मानसून ने अरब सागर के कई नए हिस्सों सहित महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ और इलाकों में अपनी दस्तक दे दी है. आइए जानते हैं देश के अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ दिनों में मौसम कैसा रहने वाला है.
आंधी तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 11 और 12 जून को मौसम करवट लेगा. इस दौरान इन राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने और ओले गिरने की प्रबल आशंका है.
ऑरेंज अलर्ट जारी
विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान में 11-12 जून को धूलभरी आंधी का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद, 11 से 14 जून के बीच इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 13 और 14 जून को भी तेज हवाएं चलने का सिलसिला जारी रहेगा.
यूपी और एमपी में बारिश का अलर्ट
मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है. उत्तर प्रदेश में 10 से 14 जून के बीच बारिश के आसार बने हुए हैं, जबकि पूर्वी यूपी में 12 जून को तेज आंधी और भारी बारिश की विशेष चेतावनी दी गई है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 9 से 14 जून के बीच गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की उम्मीद है.
बिहार और ओडिशा में बारिश का अलर्ट
इसके अलावा बिहार में 10 से 12 जून और ओडिशा में 11-12 जून को भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय इलाकों में भी 10 से 12 जून के बीच आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
पहाड़ी राज्यों और दक्षिण-पूर्वोत्तर भारत का हाल
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में 11 और 12 जून को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जिससे यहां पर्यटन के लिए गए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. दूसरी तरफ, दक्षिण भारत के केरल और कर्नाटक में मानसून के कारण भारी बारिश का दौर जारी है.
भारी बारिश की चेतावनी
तटीय और आंतरिक कर्नाटक में 11 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में 12 जून तक 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में अगले 7 दिनों यानी 14 जून तक लगातार मूसलाधार बारिश का अनुमान है. First Updated : Tuesday, 09 June 2026