नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार को लखनऊ में निधन हो गया. 38 वर्षीय प्रतीक यादव की तबीयत पिछले कुछ समय से खराब चल रही थी. उन्हें बुधवार सुबह इलाज के लिए लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रतीक यादव बीजेपी नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति थे. उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई. परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, कुछ सप्ताह पहले भी उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां अखिलेश यादव भी उनसे मिलने पहुंचे थे.
सूत्रों के अनुसार, प्रतीक यादव की तबीयत लंबे समय से खराब थी. इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था और उन्हें घर वापस ले जाया गया था. हालांकि बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
समाजवादी पार्टी ने भी प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख जताया. पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, प्रतीक यादव के निधन से गहरा दुख हुआ है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें.
देश के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवारों में से एक से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर रहे. उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के लीड्स विश्वविद्यालय से पढ़ाई की थी और रियल एस्टेट तथा फिटनेस कारोबार से जुड़े हुए थे. लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम का जिम चलाते थे और फिटनेस इंडस्ट्री में काफी सक्रिय माने जाते थे.
प्रतीक यादव जीव आश्रय नाम की संस्था के जरिए पशु कल्याण के कामों में भी जुड़े हुए थे. यह संस्था सड़क पर रहने वाले कुत्तों के रेस्क्यू, इलाज, भोजन और देखभाल का काम करती थी.
कुछ महीने पहले अपर्णा यादव के साथ विवाद की खबरों के बीच प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर परिवार के साथ छुट्टियां मनाते हुए तस्वीरें साझा की थीं. इन तस्वीरों के जरिए उन्होंने परिवार के साथ अपने रिश्तों को लेकर संदेश दिया था.
सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम लखनऊ स्थित KGMU मोर्चरी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी की निगरानी में कराया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम प्रक्रिया की अगुवाई डॉ. मौसमी सिंह करेंगी, जबकि डॉक्टर अनूप कुमार रायपुरिया और डॉ. फातिमा हर्षा भी मेडिकल पैनल का हिस्सा होंगी. KGMU के तीन डॉक्टरों और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम इस पूरी प्रक्रिया को अंजाम दे रही है.
सूत्रों ने बताया कि पोस्टमार्टम शुरू होने से पहले छाती का एक्स-रे किया जाएगा. पंचनामा डॉक्यूमेंट मिलने के बाद ही औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी. अधिकारियों ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और सभी डॉक्यूमेंट प्रक्रियाओं को रिकॉर्ड किया जाएगा.
इस बीच अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट समेत परिवार के कई सदस्य पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे. मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मोर्चरी परिसर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. First Updated : Wednesday, 13 May 2026