प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे के दौरान फिरोजपुर में हुई सुरक्षा चूक का मामला फिर से सुर्खियों में है. इस मामले में अब तक 25 किसानों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है, जो भारतीय किसान यूनियन (क्रांतिकारी) और क्रांतिकारी पेंडू मजदूर यूनियन के सदस्य बताए जा रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 5 जनवरी 2022 को फिरोजपुर में एक रैली को संबोधित करना था, लेकिन उनके काफिले को प्यारेआना फ्लाईओवर पर किसानों के विरोध प्रदर्शन के कारण वापस लौटना पड़ा. अब इस मामले में कार्रवाई की गई है और 25 किसानों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है.
बीजेपी द्वारा इस मामले में आपत्ति जताए जाने के बाद पुलिस ने 6 जनवरी 2022 को अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी. बीजेपी ने इस एफआईआर को कमजोर बताते हुए मामले में गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग की थी. इसके बाद एसआईटी का गठन किया गया और केस में हत्या का प्रयास, लोक सेवक पर हमला, काम में बाधा डालने और अवैध सभा जैसी गंभीर धाराएं जोड़ी गई.
फिरोजपुर कोर्ट ने सबसे पहले 3 जनवरी को समन भेजा था, लेकिन जब आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुए, तो अब गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है. किसानों की यूनियन ने इस कार्रवाई को साजिश करार देते हुए कहा कि उस दिन उनका विरोध शांतिपूर्ण था और ये पूरी तरह से डराने की कोशिश की जा रही है. First Updated : Friday, 17 January 2025