पंजाब. पंजाब के Ludhiana से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पंजाबी सिंगर Inder Kaur उर्फ यशइंदर कौर की हत्या कर दी गई. परिवार का आरोप है कि सिंगर ने शादी से इनकार किया तो आरोपी ने उसे गनपॉइंट पर अगवा कर लिया. करीब 6 दिन तक सिंगर का कोई सुराग नहीं मिला. बाद में उसका शव नीलो नहर से बरामद हुआ.
परिवार ने सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पर जबरन शादी करने और हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है. इस घटना के बाद पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
परिवार का आरोप है कि सुखविंदर सिंह इंदर कौर से जबरदस्ती शादी करना चाहता था. लेकिन सिंगर ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया था. इसी बात से आरोपी रंजिश रखने लगा. परिवार के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में इंदर कौर को घेर लिया और पिस्तौल की नोक पर उसका अपहरण कर लिया.
कई दिनों तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद इंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद हुआ. शव की पहचान होते ही परिवार में मातम छा गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है.
परिवार का दावा है कि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह खासतौर पर Canada से पंजाब आया था. उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. आरोप है कि हत्या करने के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया और मुख्य आरोपी फिर से कनाडा फरार हो गया.
परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. परिवार का कहना है कि 15 मई को ही सुखविंदर सिंह और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी गई थी. लेकिन समय रहते कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिसकी वजह से सिंगर की जान नहीं बच सकी.
थाना जमालपुर के SHO बलबीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
इंदर कौर की मौत की खबर सामने आने के बाद पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर फैल गई है. फैंस और कई कलाकार सोशल मीडिया पर सिंगर को इंसाफ दिलाने की मांग कर रहे हैं. कई लोगों ने इस घटना को पंजाब की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताया है. First Updated : Tuesday, 19 May 2026