नई दिल्ली: साल 2025 ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए नियमों और प्रक्रियाओं के लिहाज से बदलावों का साल रहा. इस साल भारतीय रेलवे ने टिकट बुकिंग से लेकर वेटिंग लिस्ट, तत्काल टिकट, रिजर्वेशन चार्ट, इमरजेंसी कोटा और कंफर्म टिकट की तारीख बदलने जैसे कई महत्वपूर्ण अपडेट लागू किए. इन बदलावों का सीधा असर रोजाना ट्रेन से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों पर पड़ा.
अब टिकट बुक करना पहले जैसा नहीं रहा. कई नियम ऐसे हैं, जिनसे अनजान होने पर यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में दिक्कत हो सकती है. इसलिए, साल खत्म होने से पहले इन बदलावों को जानना बेहद जरूरी है ताकि आपकी यात्रा परेशानी मुक्त और समय पर पूरी हो सके.
रेलवे ने 1 जुलाई 2025 से ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग को पूरी तरह आधार आधारित कर दिया. IRCTC की वेबसाइट या ऐप पर तत्काल टिकट तभी बुक होगा जब यूजर का आधार ऑथेंटिकेशन पूरा होगा. इसका मकसद टिकट बुकिंग में किसी भी तरह की धांधली को रोकना और असली यात्रियों को प्राथमिकता देना है.
अब काउंटर से मिलने वाले तत्काल टिकट पर भी OTP आधारित सत्यापन अनिवार्य होगा. टिकट बुक करने के बाद आपके मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, तभी टिकट बनेगा. इससे सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जी बुकिंग पर रोक लगेगी.
रेलवे ने अनऑथराइज्ड एजेंटों पर रोक और सख्ती बढ़ा दी है. Tatkal टिकट विंडो खुलने के पहले 30 मिनट तक एजेंट बुकिंग नहीं कर पाएंगे.
एसी क्लास: सुबह 10:00 से 10:30 बजे तक
नॉन-एसी क्लास: सुबह 11:00 से 11:30 बजे तक
इससे आम यात्रियों को पहले स्लॉट में कंफर्म टिकट मिलने का बेहतर मौका मिलेगा.
पहले रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन के चलने से 4 घंटे पहले बनता था. अब यह 8 घंटे पहले तैयार होगा. इससे यात्रियों को पहले ही पता चल जाएगा कि उनका टिकट कंफर्म है या नहीं. वेटिंग टिकट होने पर आगे की योजना बनाने का समय भी मिलेगा.
EQ टिकटों के लिए नई समयसीमा तय की गई है.
रात 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक ट्रेन के लिए EQ आवेदन एक दिन पहले दोपहर 12 बजे तक भेजना होगा.
दोपहर 2 बजे के बाद ट्रेन के लिए आवेदन एक दिन पहले शाम 4 बजे तक भेजना आवश्यक.
छुट्टी वाले दिन ट्रेन के लिए आवेदन पिछला वर्किंग डे में ही करना होगा.
इससे EQ सीटों का समय पर आवंटन सुनिश्चित होगा.
AC क्लास: सीटों का 60% तक वेटिंग
Non-AC क्लास: 30% तक वेटिंग
महिला और दिव्यांग यात्रियों को इससे राहत मिलेगी.
1 अक्टूबर 2025 से IRCTC वेबसाइट और ऐप पर शुरू होने वाले 15 मिनट के जनरल टिकट स्लॉट में केवल Aadhaar-Authenticated यूजर ही टिकट बुक कर पाएंगे. इसका उद्देश्य टिकट की कालाबाजारी और गलत बुकिंग को रोकना है.
1 जनवरी 2026 से कंफर्म टिकट की तारीख बदलने पर कोई कैंसिलेशन चार्ज नहीं लगेगा. पहले टिकट कैंसल करके नई तारीख बुक करनी पड़ती थी और 25% तक फीस लगती थी. अब सीट उपलब्ध होने पर सीधे नई तारीख पर टिकट बदलकर मिल जाएगा. अधिक किराया होने पर अंतर भरना होगा.
रेलवे के इन सभी बदलावों का मकसद टिकट बुकिंग प्रक्रिया को ज्यादा साफ, सुरक्षित और आसान बनाना है. आधार आधारित सिस्टम, OTP, एजेंटों पर रोक और चार्ट टाइमिंग में बदलाव यात्रियों के लिए पूरे सिस्टम को स्मार्ट बनाने की दिशा में बड़े कदम हैं. यदि आप ट्रेन से सफर करते हैं तो इन नए नियमों को समझना बेहद जरूरी है, ताकि आपकी यात्रा 2026 में बिना रुकावट और तनाव के पूरी हो सके.
First Updated : Tuesday, 09 December 2025