लखनऊ: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शनिवार को महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान अचानक तनाव माहौल बन गया. बता दें, धौलाना थाना क्षेत्र के देहरा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी शुरू हो गई. इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है. हालांकि घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. लेकिन क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शोभायात्रा शांतिपूर्वक आगे बढ़ रही थी, तभी रास्ते में एक दुकान पर गुटखा खरीदने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई. वहीं मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को शांत कराया। अधिकारियों ने बताया कि घटना में दो से तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। इसके साथ ही कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की भी जानकारी सामने आई है.
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है. First Updated : Saturday, 09 May 2026