हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में शराब की बोतलों पर तय कीमत से अधिक रकम वसूलना एक ठेकेदार को भारी पड़ गया. कालाढूंगी रोड स्थित देसी शराब की दुकान पर ग्राहकों से प्रति पव्वा 5 रुपये ज्यादा वसूले जा रहे थे. मामले की शिकायत सोशल मीडिया के जरिए सामने आने के बाद आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया.
जानकारी के अनुसार, दुकान पर 85 रुपये में बिकने वाला पव्वा 90 रुपये में बेचा जा रहा था. इसी तरह 95 रुपये कीमत वाली शराब ग्राहकों को 100 रुपये में दी जा रही थी. लगातार मिल रही शिकायतों और वायरल वीडियो के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया.
डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने कालाढूंगी रोड स्थित देसी शराब की दुकान का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान दुकान में मौजूद स्टॉक, बिक्री रजिस्टर और मूल्य सूची की बारीकी से जांच की गई. निरीक्षण में पाया गया कि शराब की कुछ बोतलें तय कीमत से अधिक दाम पर बेची जा रही थीं.
आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि सोशल मीडिया पर ओवररेटिंग का वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने जांच शुरू की थी. जांच में 180 एमएल और 200 एमएल के पव्वों पर पांच रुपये अतिरिक्त वसूले जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद दुकान संचालक नरेंद्र सिंह पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.
विभाग ने दुकान कर्मचारियों और संचालक को सख्त चेतावनी भी दी है. अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में यदि दोबारा ग्राहकों से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिली तो दोगुनी चालानी कार्रवाई की जाएगी.
आबकारी विभाग ने साफ किया है कि शासन द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक रकम वसूलना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. First Updated : Saturday, 09 May 2026