इंटरनेट पर इन दिनों एक तारीख ने लोगों के बीच डर और जिज्ञासा दोनों पैदा कर दिए हैं—13 नवंबर 2026. सोशल मीडिया पर हजारों वीडियो, पोस्ट और मीम्स वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि यह दुनिया खत्म होने की तारीख हो सकती है. कुछ लोग इसे “डूम्सडे प्रिडिक्शन” बता रहे हैं तो कुछ इसे मानव सभ्यता के अंत की शुरुआत कह रहे हैं. कई यूजर्स यह तक दावा कर रहे हैं कि वैज्ञानिकों ने पहले ही चेतावनी दे दी थी. हालांकि सवाल यह है कि क्या सच में ऐसा कोई वैज्ञानिक दावा किया गया था या फिर यह इंटरनेट पर फैलाया गया डर है? यही वजह है कि अब यह मामला चर्चा का विषय बन चुका है.
इस वायरल दावे की जड़ें साल 1960 की एक रिसर्च से जुड़ी हुई हैं. उस समय Heinz von Foerster नाम के वैज्ञानिक ने अपने सहयोगियों Patricia Mora और Lawrence Amiot के साथ मिलकर दुनिया की बढ़ती आबादी पर एक बड़ा अध्ययन किया था. यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस में किए गए इस रिसर्च में हजारों सालों के जनसंख्या डेटा का विश्लेषण किया गया. इसके बाद वैज्ञानिकों ने एक गणितीय मॉडल तैयार किया.
इस मॉडल में अनुमान लगाया गया कि अगर दुनिया की आबादी इसी तेजी से बढ़ती रही, तो 13 नवंबर 2026 के आसपास पृथ्वी के संसाधनों पर बेहद खतरनाक दबाव बन सकता है. इसी अध्ययन ने अब सोशल मीडिया पर फिर से बहस छेड़ दी है.
इस रिसर्च को बाद में “Doomsday Equation” नाम दिया गया. लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि वैज्ञानिकों ने कभी यह नहीं कहा था कि 13 नवंबर 2026 को पृथ्वी फट जाएगी या इंसान अचानक खत्म हो जाएंगे. उनका इशारा एक संभावित वैश्विक संकट की तरफ था. वैज्ञानिकों का कहना था कि अगर जनसंख्या विस्फोट को नहीं रोका गया, तो दुनिया में भोजन, पानी और ऊर्जा की भारी कमी हो सकती
इसके साथ ही युद्ध, पर्यावरण संकट, भूखमरी और सामाजिक अराजकता जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं. यानी यह किसी हॉलीवुड फिल्म जैसी “दुनिया खत्म होने” वाली भविष्यवाणी नहीं थी, बल्कि एक चेतावनी थी कि इंसान अपनी सीमाओं को पार कर रहा है.
साल 1960 का दौर दुनिया के लिए बेहद अलग था. उस समय वैश्विक आबादी तेजी से बढ़ रही थी. वैज्ञानिकों को डर था कि इंसानों की संख्या इतनी ज्यादा हो जाएगी कि पृथ्वी के संसाधन कम पड़ जाएंगे. उस समय खेती की तकनीक आज जितनी विकसित नहीं थी. पानी और ऊर्जा को लेकर भी कई देशों में संकट गहराने लगा था. इसी वजह से वैज्ञानिकों ने गणितीय अनुमान लगाकर यह चेतावनी दी थी.
लेकिन आने वाले दशकों में दुनिया काफी बदल गई. नई कृषि तकनीक आईं, मेडिकल साइंस में सुधार हुआ और कई देशों में जन्म दर कम हो गई. यही वजह है कि आज कई विशेषज्ञ मानते हैं कि 1960 का मॉडल वास्तविक दुनिया की जटिलताओं को पूरी तरह समझ नहीं पाया था.
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर यह पुरानी वैज्ञानिक चेतावनी थी, तो लोग आज भी इससे क्यों डर रहे हैं? इसकी वजह मौजूदा वैश्विक हालात हैं. पूरी दुनिया इस समय जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण, पानी की कमी, जंगलों की कटाई और युद्ध जैसी समस्याओं से जूझ रही है. कई देशों में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है. ग्लेशियर पिघल रहे हैं.
पानी का संकट तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे माहौल में जब कोई पुरानी “प्रलय भविष्यवाणी” सोशल मीडिया पर सामने आती है, तो लोग उसे सच मानने लगते हैं. इंटरनेट पर डर फैलाने वाली खबरें बहुत तेजी से वायरल होती हैं और यही इस मामले में भी हो रहा है.
डिजिटल दौर में किसी भी खबर को वायरल होने में ज्यादा समय नहीं लगता. TikTok, Instagram, YouTube और X जैसे प्लेटफॉर्म पर “2026 Doomsday” से जुड़े लाखों वीडियो घूम रहे हैं. कई वीडियो में डरावना म्यूजिक, जलती हुई धरती और तबाही के दृश्य दिखाकर लोगों को डराया जा रहा है.
कुछ लोग इस भविष्यवाणी को धार्मिक मान्यताओं से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ इसे वैज्ञानिक चेतावनी बताकर पेश कर रहे हैं. असल समस्या यह है कि ज्यादातर लोग रिसर्च का असली मतलब समझे बिना सिर्फ सनसनीखेज दावों पर भरोसा कर लेते हैं. यही वजह है कि यह 66 साल पुराना फॉर्मूला फिर से वायरल हो गया।
वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि अगले 6 महीने में पृथ्वी पर राशन-पानी खत्म हो जाएगा. लेकिन यह जरूर सच है कि दुनिया के कई हिस्सों में पानी और भोजन का संकट लगातार बढ़ रहा है.
अफ्रीका और एशिया के कई देश पहले से ही सूखे और भूख की समस्या झेल रहे हैं. जलवायु परिवर्तन की वजह से खेती प्रभावित हो रही है. अगर आने वाले वर्षों में संसाधनों का सही इस्तेमाल नहीं हुआ, तो कई बड़े संकट पैदा हो सकते हैं. यानी खतरा “दुनिया खत्म होने” का नहीं, बल्कि इंसानी जीवन को मुश्किल बनाने वाली परिस्थितियों का ज्यादा है.
आज के वैज्ञानिक इस पुराने मॉडल को पूरी तरह गलत नहीं मानते, लेकिन अधूरा जरूर मानते हैं. उनका कहना है कि 1960 में भविष्यवाणी करते समय वैज्ञानिकों के पास सीमित डेटा और सीमित तकनीक थी. आज दुनिया में तकनीक काफी आगे बढ़ चुकी है.
नई ऊर्जा प्रणाली, आधुनिक खेती, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मेडिकल साइंस ने हालात को काफी बदल दिया है. विशेषज्ञ मानते हैं कि इंसान के सामने चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन उनके समाधान भी मौजूद हैं. इसलिए 13 नवंबर 2026 को दुनिया खत्म होने की बात को वैज्ञानिक आधार पर सही नहीं माना जा सकता.
आधुनिक अंतरिक्ष और पर्यावरण अध्ययन बताते हैं कि पृथ्वी पर जीवन के लिए सबसे बड़ा खतरा अभी बहुत दूर है. वैज्ञानिकों के अनुसार करीब 1 अरब साल बाद सूरज की बढ़ती गर्मी पृथ्वी को रहने लायक नहीं छोड़ेगी.
यानी फिलहाल इंसानों के सामने असली चुनौती अगले कुछ महीनों में दुनिया खत्म होने की नहीं, बल्कि जलवायु संकट, प्रदूषण और संसाधनों के सही इस्तेमाल की है. यही कारण है कि वैज्ञानिक बार-बार चेतावनी देते हैं कि अगर इंसान ने प्रकृति के साथ संतुलन नहीं बनाया, तो भविष्य में हालात बेहद कठिन हो सकते हैं.
66 साल पुराने इस “डूम्सडे फॉर्मूला” का मकसद लोगों को डराना नहीं था. वैज्ञानिक दरअसल दुनिया को चेतावनी देना चाहते थे कि अगर जनसंख्या और संसाधनों के बीच संतुलन नहीं रखा गया, तो मानव सभ्यता बड़े संकटों का सामना कर सकती है. यह रिसर्च इंसानों को जागरूक करने के लिए थी, न कि दुनिया खत्म होने की तारीख बताने के लिए. लेकिन सोशल मीडिया के दौर में हर चेतावनी को सनसनी बनाकर पेश किया जाता है. यही वजह है कि आज फिर यह पुरानी रिसर्च दुनिया भर में वायरल हो रही है. First Updated : Monday, 18 May 2026