हवा में टकरा गए 2 अमेरिकी फाइटर जेट, खौफनाक वीडियो वायरल

अमेरिका के इडाहो में एयर शो के दौरान दो अमेरिकी लड़ाकू विमान हवा में टकराकर क्रैश हो गए, जिससे आसमान में धुएं का गुबार फैल गया और कार्यक्रम रद्द करना पड़ा.

calender

नई दिल्ली: अमेरिका के इडाहो स्थित माउंटेन होम वायु सेना बेस में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया. यहां आयोजित किए जा रहे मशहूर ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ के दौरान दो अमेरिकी लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों फाइटर जेट कुछ ही सेकंड में क्रैश हो गए और आसमान में धुएं का घना गुबार फैल गया. हादसे के तुरंत बाद पूरे एयर बेस को बंद कर दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके को अपने कब्जे में ले लिया.

स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर 12:30 की घटना

मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई. एयर शो के दौरान अमेरिकी नौसेना के दो एडवांस्ड EA-18G ग्रोवलर फाइटर जेट उड़ान प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान दोनों विमान हवा में बेहद करीब आ गए और टकरा गए. टक्कर के बाद विमान तेजी से नीचे गिरते हुए एयर बेस से करीब दो मील दूर जा गिरे. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दर्शकों में दहशत फैल गई.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों विमान टकराने के बाद आग की लपटों में घिर जाते हैं. हालांकि, राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों में मौजूद चारों क्रू मेंबर्स समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे. हादसे के बाद उन्हें पैराशूट की मदद से सुरक्षित जमीन पर उतरते देखा गया. बाद में अमेरिकी नौसेना ने भी पुष्टि की कि सभी क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

आठ साल बाद किया गया एयर शो

बताया जा रहा है कि इस एयर शो का आयोजन करीब आठ साल बाद किया गया था. लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. आयोजकों ने इस शो की तैयारियां करीब दो वर्षों तक की थीं. लेकिन हादसे के बाद रविवार को होने वाले बाकी सभी कार्यक्रमों को तत्काल रद्द कर दिया गया. साथ ही अमेरिकी वायुसेना और नौसेना ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

गौरतलब है कि माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. वर्ष 2018 में यहां एक हैंग ग्लाइडर रनवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पायलट की मौत हो गई थी. वहीं, 2003 में एक थंडरबर्ड्स जेट भी यहां क्रैश हुआ था, हालांकि उस घटना में पायलट सुरक्षित बच गया था. First Updated : Monday, 18 May 2026