नई दिल्ली: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबलों को लेकर बड़ा बयान दिया है. कैफ का मानना है कि इस सीजन में प्लेऑफ की जंग बेहद रोमांचक होने वाली है और अभी कोई भी टीम पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जा सकती. लीग चरण के सिर्फ 14 मुकाबले बाकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी टीम ने आधिकारिक तौर पर नॉकआउट में जगह पक्की नहीं की है. केवल दो टीमें ही टूर्नामेंट से बाहर हुई हैं, जबकि बाकी टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा जारी है.
गुजरात ने अहमदाबाद में हैदराबाद को हराकर प्लेऑफ की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है. इस जीत के बाद गुजरात के खाते में 16 अंक हो गए हैं और टीम अंक तालिका में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है. हालांकि, कैफ का मानना है कि सिर्फ एक और जीत भी गुजरात को पूरी तरह सुरक्षित नहीं बना सकती, क्योंकि कई अन्य टीमें अभी 18 या उससे ज्यादा अंक हासिल करने की दौड़ में बनी हुई हैं.
कैफ ने कहा कि गुजरात टाइटन्स के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना सबसे ज्यादा दिख रही है, लेकिन बाकी तीन स्थानों के लिए जबरदस्त संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने खास तौर पर केकेआर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें अभी प्लेऑफ की दौड़ से बाहर नहीं माना जाना चाहिए. कैफ के अनुसार, केकेआर ने अभी सिर्फ 10 मैच खेले हैं और टीम अच्छी लय में नजर आ रही है. उन्होंने यह भी कहा कि सीएसके जैसी अनुभवी टीम को भी कम आंकना बड़ी गलती होगी.
पूर्व बल्लेबाज के मुताबिक अगले कुछ दिनों में प्लेऑफ की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी, लेकिन फिलहाल शीर्ष चार में जगह बनाने की लड़ाई बेहद खुली हुई है. उन्होंने कहा कि कोई भी टीम अभी राहत की सांस नहीं ले सकती, क्योंकि टूर्नामेंट में अभी काफी क्रिकेट बाकी है.
कैफ ने सनराइजर्स हैदराबाद के प्रदर्शन पर भी चिंता जताई. उनका कहना है कि टीम को अब चेन्नई में सीएसके के खिलाफ कठिन चुनौती का सामना करना होगा. चेपॉक की परिस्थितियों में खेलना हमेशा मुश्किल रहता है और इस समय चेन्नई शानदार फॉर्म में भी दिखाई दे रही है. कैफ ने कहा कि अगर एसआरएच को टॉप-2 में जगह बनानी है तो उन्हें अपने बचे हुए मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा. खासकर चेन्नई के खिलाफ जीत हासिल करना उनके लिए बेहद अहम साबित हो सकता है. First Updated : Wednesday, 13 May 2026