नई दिल्ली: कोलकाता नाइट राइडर्स ने सीजन के अंत में धमाकेदार वापसी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया। 8 मई, 2026 को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच के हीरो रहे फिन एलन, जिन्होंने 47 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोककर KKR को प्लेऑफ की रेस में बनाए रखा।
आपको बताते चलें कि मुकाबले में 143 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी KKR के लिए कीवी ओपनर फिन एलन शुरू से ही अलग मूड में दिखे। उन्होंने दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। मैच की आखिरी गेंद पर जब एलन को शतक पूरा करने के लिए 4 रन चाहिए थे।
तो उन्होंने गेंद को बाउंड्री के पार भेजकर अपना पहला IPL शतक पूरा किया और टीम को जीत भी दिलाई। एलन 47 गेंदों में 100 रन बनाकर नॉट आउट लौटे। उनकी पारी में 10 लंबे छक्के और 5 चौके शामिल थे। 212.77 के स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी ने मैच को एकतरफा बना दिया।
पहले बैटिंग करते हुए दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 142/8 ही बना सकी। केएल राहुल और पाथुम निसांका ने तेज शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। राहुल 23 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद निसांका ने मोर्चा संभाला और 29 गेंदों में फिफ्टी पूरी की।
मगर निसांका के आउट होते ही दिल्ली की पारी लड़खड़ा गई। मिडिल ऑर्डर कोई बड़ी साझेदारी नहीं कर पाया। आखिर में आशुतोष शर्मा ने 28 गेंदों में 39 रन की जुझारू पारी खेलकर टीम को 140 के पार पहुंचाया।
गौरतलब है कि यह KKR की लगातार चौथी जीत है। IPL 2026 में कोलकाता का सफर दो हिस्सों में बंटा दिखा। अप्रैल में टीम सबसे नीचे थी। लेकिन पिछले दो हफ्तों में 'पर्पल आर्मी' ने जबरदस्त वापसी की है। हर मैच 'करो या मरो' जैसा था और टीम ने दबाव में शानदार खेल दिखाया। इस मैच में भी अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी जल्दी आउट हो गए थे। फिर भी एलन की तूफानी बैटिंग के आगे 143 का टारगेट छोटा पड़ गया।
इस जीत के साथ KKR 10 मैचों में 9 पॉइंट्स पर पहुंच गई है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब भी उन्हें बाकी सभी मैच जीतने होंगे। लेकिन लगातार चार जीत के बाद KKR टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक टीम बनकर उभरी है। दूसरी तरफ दिल्ली के लिए आगे का रास्ता मुश्किल हो गया है। First Updated : Saturday, 09 May 2026