नई दिल्ली: आईपीएल के एक रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हरा दिया। डेथ ओवरों में आशुतोष शर्मा और माधव तिवारी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने मैच का रुख पलट दिया। इस जीत से दिल्ली की प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा हैं, जबकि पंजाब को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली ने 211 रन का बड़ा लक्ष्य 19 ओवर में ही हासिल कर लिया।
आपको बताते चलें कि मैच में एक समय ऐसा आया जब दिल्ली की जीत नामुमकिन लग रही थी। अक्षर पटेल 30 गेंदों में 56 रन की तेज पारी खेलकर आउट हुए। उनके जाने के बाद 14 ओवर में स्कोर 138/5 था। आखिरी 5 ओवर में दिल्ली को जीत के लिए 68 रन चाहिए थे और जीत की संभावना सिर्फ 9 प्रतिशत रह गई थी।
यहां से डेविड मिलर ने मोर्चा संभाला। 20 गेंद में 28 रन बना चुके मिलर ने अगली 7 गेंदों में ही फिफ्टी पूरी कर ली। 51 रन बनाकर आउट होने से पहले उन्होंने टीम को मैच में वापस ला दिया। लेकिन असली ड्रामा आखिरी 3 ओवर में हुआ। दिल्ली को 36 रन चाहिए थे। मार्कस स्टोइनिस के ओवर में आशुतोष शर्मा और माधव तिवारी ने 2 छक्के और 1 चौके समेत 19 रन बटोर लिए।
यश ठाकुर के 19वें ओवर में आशुतोष ने पहले 11 रन बनाए, फिर 10 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आकिब नबी ने आते ही नो-बॉल पर चौका और फ्री-हिट पर छक्का जड़कर दिल्ली को जीत दिला दी। दिल्ली ने 19 ओवर में 7 विकेट पर 213 रन बनाकर मैच खत्म किया।
गौरतलब है कि इस जीत के बाद दिल्ली के 12 मैचों में 10 अंक हो गए हैं। प्लेऑफ की उम्मीद बरकरार है, लेकिन रास्ता आसान नहीं है। दिल्ली को अपने बाकी दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे। साथ ही दूसरी टीमों के नतीजे भी उसके पक्ष में जाने चाहिए। वहीं पंजाब की टीम लगातार चौथी हार के बाद प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है। First Updated : Monday, 11 May 2026