IPL में सुपरकिड का सुपर शो, वैभव ने एक छक्के से तोड़े कई रिकॉर्ड, टी20 दुनिया में मचाया तूफान

वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए टी20 इतिहास में सबसे कम 514 गेंदों में 100 छक्के पूरे करने का रिकॉर्ड बना दिया. इसके साथ ही वह आईपीएल 2026 में पावर-प्ले में सबसे ज्यादा 30 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए.

calender

आईपीएल 2026 में शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी को हैरान कर दिया. वैभव ने टी20 क्रिकेट के इतिहास में एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 100 छक्के पूरे करने का कारनामा किया. इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए वैभव ने केवल 514 गेंदें खेलीं, जो अब तक का सबसे तेज रिकॉर्ड है.

दूसरे स्थान पर करणबीर सिंह

इस सूची में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रिया के भारतीय मूल के खिलाड़ी करणबीर सिंह हैं, जिन्होंने 817 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था. यानी वैभव ने उनसे 303 गेंदें कम लेकर नया इतिहास रच दिया. इस खास सूची में तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड (847), चौथे पर कीरोन पोलार्ड (848) और पांचवें स्थान पर सीकुगे प्रसन्ना (854) मौजूद हैं.

वैभव सूर्यवंशी इस सीजन पावर-प्ले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन चुके हैं. शुरुआती छह ओवरों में उनका आक्रामक अंदाज विपक्षी गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है. आईपीएल 2026 में अब तक वह पावर-प्ले में 30 छक्के लगा चुके हैं, जो एक सीजन का नया रिकॉर्ड है.

अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड 

इससे पहले यह रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2024 में 29 छक्के लगाए थे. वहीं 2026 में भी अभिषेक 27 छक्कों के साथ इस दौड़ में बने हुए हैं. इस सूची में सनथ जयसूर्या, ट्रेविस हेड और यशस्वी जायसवाल जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं, लेकिन फिलहाल वैभव सबसे आगे नजर आ रहे हैं.

कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी जिस अंदाज में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रहे हैं, उसने साफ कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है. First Updated : Saturday, 09 May 2026

Topics :