पंजाब सरकार ने बिजली संकट से स्थायी राहत दिलाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को ‘रोशन पंजाब’ योजना की शुरुआत की, जिसका लक्ष्य आने वाले साल तक पूरे राज्य में 24 घंटे निर्बाध और सस्ती बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है. सरकार का दावा है कि यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि पंजाब के हर घर, खेत और उद्योग को रोशन करने का मिशन है.
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राज्य सरकार ने ₹5,000 करोड़ का निवेश स्वीकृत किया है, जो अब तक के इतिहास में बिजली क्षेत्र में सबसे बड़ा खर्च माना जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पंजाब का ऊर्जा ढांचा मज़बूत होगा और नागरिकों, किसानों और उद्योगों को लगातार बिजली मिलेगी. उन्होंने कहा कि अब कोई फैक्ट्री बिजली के इंतज़ार में नहीं रुकेगी, कोई किसान अंधेरे में नहीं रहेगा. हर घर में रोशनी होगी और वह भी सस्ती दरों पर.
परियोजना की निगरानी बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा कर रहे हैं, जबकि PSPCL चेयरमैन अजय कुमार सिन्हा और उनकी टीम बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी है. बिजली आपूर्ति को स्थिर बनाए रखने के लिए सरकार ने पच्छवाड़ा कोयला खदान से दीर्घकालिक आपूर्ति का समझौता किया है. साथ ही, GVK थर्मल प्लांट को सरकार के नियंत्रण में लेकर यह सुनिश्चित किया गया है कि बिजली उत्पादन की प्रक्रिया पूरी तरह राज्य सरकार के अधीन रहे और जनता को सीधा लाभ मिले.
राज्यभर में बिजली ढांचे को मज़बूत करने के लिए नए सबस्टेशन बनाए जा रहे हैं, पुराने स्टेशनों की मरम्मत की जा रही है और वितरण नेटवर्क को अपग्रेड किया जा रहा है. इन प्रयासों से वोल्टेज की समस्या, अनियोजित कटौती और बिजली बहाली में देरी जैसी परेशानियाँ कम होंगी.
शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 13 नगर निगमों में विशेष सफाई अभियान शुरू किया है. इसके तहत PSPCL के खंभों से अनधिकृत और गैर-बिजली के तार हटाए जा रहे हैं, खुले मीटर बॉक्स बंद किए जा रहे हैं और नीचे लटकती तारों को व्यवस्थित किया जा रहा है.
जनसुविधा बढ़ाने के लिए मोहाली में आधुनिक 180-सीटर कॉल सेंटर स्थापित किया गया है, जो 1912 हेल्पलाइन को और प्रभावी बनाएगा ताकि शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके. मुख्यमंत्री मान ने कहा कि ‘रोशन पंजाब’ योजना केवल बिजली सुधार नहीं, बल्कि राज्य के उज्जवल भविष्य की नींव है. उन्होंने कहा कि यह पंजाब की प्रगति, आत्मनिर्भरता और लोगों के भरोसे को फिर से जगाने की दिशा में निर्णायक कदम है. First Updated : Tuesday, 07 October 2025