इंस्टाग्राम वाकई आपकी बातचीत सुन रहा है? जानिए खुद कंपनी के चीफ ने क्या कहा

इंस्टाग्राम के प्रमुख एडम मोसेरी ने स्पष्ट किया कि प्लेटफॉर्म आपके फोन के माइक्रोफोन से बातचीत नहीं सुनता और व्यक्तिगत विज्ञापन नहीं दिखाता.

Simran Sachdeva

Instagram platform: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लगातार फैल रही ये अफवाह कि यह आपके फोन के माइक्रोफोन के जरिए आपकी बातचीत सुनकर आपके लिए व्यक्तिगत विज्ञापन दिखाता है, अब इंस्टाग्राम के प्रमुख एडम मोसेरी ने सीधे खारिज कर दी है. एडम मोसेरी ने एक वीडियो संदेश में स्पष्ट कहा कि हम आपकी बातें नहीं सुनते. हम आपके फोन के माइक्रोफोन का इस्तेमाल गुप्त रूप से आपको सुनने के लिए नहीं करते.

ये बयान ऐसे समय में सामने आया है जब कई भारतीय यूजर मानते हैं कि किसी खास उत्पाद के बारे में बातचीत करने के तुरंत बाद वही उत्पाद उनके फीड पर विज्ञापन के रूप में दिखाई देता है. इंस्टाग्राम ने बार-बार इस मिथक को खारिज किया है, लेकिन यूजर्स के मन में संशय अब भी बना हुआ है.

इंस्टाग्राम के माइक्रोफोन पर स्पष्ट बयान

एडम मोसेरी ने कहा कि अगर इंस्टाग्राम गुप्त रूप से आपकी बातचीत रिकॉर्ड कर रहा होता, तो यूजर्स को बैटरी की तेजी से खपत, माइक्रोफोन उपयोग की सूचनाएं और गोपनीयता उल्लंघन नजर आते. एडम मोसेरी ने जोर देकर कहा कि हम आपकी बात नहीं सुनते. हम आपकी बातें सुनने के लिए फोन के माइक्रोफोन का इस्तेमाल नहीं करते. 

विज्ञापन इतने सटीक कैसे दिखाई देते हैं?

एडम मोसेरी ने कुछ प्रमुख कारण बताए जिनसे लगता है कि इंस्टाग्राम पर दिख रहे विज्ञापन आपकी बातचीत से जुड़े हैं:

आपने पहले सर्च या क्लिक किया होगा – कई बार यूजर भूल जाते हैं कि उन्होंने किसी प्रोडक्ट लिंक पर क्लिक किया था या किसी शॉपिंग साइट पर विजिट किया था. इंस्टाग्राम विज्ञापनदाता के साथ काम करता है, इसलिए आपकी ब्राउज़िंग हिस्ट्री विज्ञापनों को प्रभावित करती है.

दोस्त और समान रुचि वाले लोग – इंस्टाग्राम यह भी देखता है कि आपके दोस्त और आपके जैसे रुचि रखने वाले लोग किस पर इंटरैक्ट कर रहे हैं. अगर आपका दोस्त किसी प्रोडक्ट को खोजता है, तो यह आपके फीड पर भी दिखाई दे सकता है.

पहले ही विज्ञापन देख चुके होंगे – कभी-कभी यूजर विज्ञापन को जल्दी स्क्रॉल कर देते हैं और बाद में जब उसी प्रोडक्ट की चर्चा होती है, तो लगता है कि इंस्टाग्राम ने उसे बातचीत के बाद दिखाया.

साधारण संयोग – एडम मोसेरी मानते हैं कि कई बार यह सिर्फ समय का संयोग भी हो सकता है.

पहले भी Meta और फेसबुक ने खारिज किया

2016 में फेसबुक ने भी साफ कहा था कि वो माइक्रोफोन का इस्तेमाल विज्ञापन के लिए नहीं करता. 2018 में CEO मार्क जुकरबर्ग ने अमेरिकी सीनेट की सुनवाई में स्पष्ट 'नहीं' कहा. इंस्टाग्राम की आधिकारिक हेल्प पेज पर भी लिखा है- जब तक आप अनुमति ना दें, हम आपके माइक्रोफोन का इस्तेमाल नहीं करते हैं और केवल तभी जब किसी ऐसी सुविधा का इस्तेमाल किया जा रहा हो जिसके लिए इसकी आवश्यकता हो. इसके बावजूद वैश्विक स्तर पर, खासकर भारत में, यूजर्स के बीच इस मिथक को लेकर संदेह बरकरार है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो