नई दिल्ली: Google के लोकप्रिय ट्रांसलेशन प्लेटफॉर्म Google Translate ने अपने 20 साल पूरे कर लिए हैं. इन दो दशकों में दुनिया भर के करोड़ों लोगों ने इसका इस्तेमाल अरबों बार किया, लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह रही कि सबसे ज्यादा अनुवाद किया गया शब्द 'Thank You' निकला, जिसने 'I Love You' जैसे लोकप्रिय वाक्यांश को भी पीछे छोड़ दिया.
इस खास जानकारी का खुलासा गूगल इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किया. कंपनी ने बताया कि पिछले 20 वर्षों में Google Translate पर सबसे अधिक ट्रांसलेट किया गया शब्द 'Thank You' रहा है. इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी खुशी जताई कि डिजिटल दुनिया में आज भी आभार व्यक्त करने वाले शब्द सबसे ऊपर हैं.
जब भी लोग Google Translate पर सबसे ज्यादा ट्रांसलेट किए गए शब्द के बारे में सोचते हैं, तो आमतौर पर “I Love You” जैसे शब्दों का नाम सामने आता है. लेकिन गूगल के आंकड़ों ने सभी को चौंका दिया.
कंपनी के मुताबिक, 'Thank You' ने बीते 20 सालों में सबसे ज्यादा अनुवादित शब्द बनने का रिकॉर्ड बनाया है. गूगल ने इस उपलब्धि को एक खास विजुअल के जरिए कई भाषाओं में 'Thank You' दिखाकर सेलिब्रेट किया.
Google Translate को साल 2006 में लॉन्च किया गया था. शुरुआती दौर में यह केवल बुनियादी स्तर पर काम करता था, लेकिन समय के साथ इसमें बड़े बदलाव हुए.
आज यह प्लेटफॉर्म आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से शब्दों के संदर्भ, वाक्य संरचना और बातचीत के लहजे को बेहतर तरीके से समझता है. यही वजह है कि अब यह सिर्फ एक ट्रांसलेशन टूल नहीं, बल्कि भाषा और भावनाओं को जोड़ने वाला डिजिटल माध्यम बन चुका है.
Google Translate अब दुनियाभर की सैकड़ों भाषाओं को सपोर्ट करता है. इसकी मदद से लोग न सिर्फ शब्दों का अनुवाद करते हैं, बल्कि अलग-अलग भाषाओं में संवाद भी आसान बना पाए हैं.
गूगल का कहना है कि यह तकनीक अब केवल भाषा बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की भावनाओं को सही तरीके से व्यक्त करने में भी मदद कर रही है.
20वीं सालगिरह के मौके पर गूगल ने Google Translate में नया AI-पावर्ड Pronunciation Practice फीचर भी जोड़ा है.
इस फीचर की मदद से यूजर्स केवल शब्दों का अनुवाद ही नहीं, बल्कि उनका सही उच्चारण भी सीख सकेंगे. इसके लिए यूजर्स को Pronounce बटन पर टैप करना होगा.
यह फीचर यूजर की आवाज का विश्लेषण करके बताएगा कि उसका उच्चारण कितना सही है. फिलहाल यह सुविधा भारत और अमेरिका में हिंदी, अंग्रेजी और स्पेनिश भाषाओं के लिए उपलब्ध कराई गई है. First Updated : Tuesday, 12 May 2026