‘हॉकी में देश का नेतृत्व करेगा पंजाब’ ओलंपिक विजेताओं को मिलेगी सरकारी नौकरियां

‘हॉकी में देश का नेतृत्व करेगा पंजाब’ ओलंपिक विजेताओं को मिलेगी सरकारी नौकरियां

08 February 2023, 01:53 PM IST

पंजाब के चौतरफा विकास में प्रदेश की आम आदमी पार्टी की सरकार पुरजोर कोशिशों में जुटी हैं। चाहे वो मोहल्ला क्लीनिक हो, स्कूल-कॉलेज हों, रेत का मामला हो, नए-नए उद्योगों के स्थापित करने का मामला हो या फिर खेल से जुड़े मामलों का हो, हर क्षेत्र में विकास और नए आयामों को लेकर पंजाब सरकार कोशिशों में जुटी है। हॉकी की नर्सरी माने जाने वाले पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने अपने सरकारी आवास पर भारतीय हॉकी टीम के खिलाडिय़ों का सम्मान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द ही ओलिम्पिक पदक विजेता हाकी खिलाडिय़ों को दर्जा एक की नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

मीत हेयर ने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार पंजाब को खेलों में अग्रणी बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी और पंजाब इस खेल में देश का नेतृत्व करेगा। कैबिनेट मंत्री ने राज्य में हॉकी खेल को और प्रफुल्लित करने के लिए खिलाडिय़ों से सुझाव मांगे। हाकी खेल के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने और प्रदेश में हॉकी लीग शुरू करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लिए गर्व की बात है कि टीम में कप्तान समेत राज्य के 10 खिलाड़ी हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों को इस साल होने वाले एशियाई खेल और अगले साल होने वाले पेरिस ओलिम्पिक खेल के लिए शुभकामनाएं भी दीं। वर्ल्ड कप में नतीजे आशा के अनुरूप न आने पर उन्होंने खिलाडिय़ों को हिम्मत न हारने की सलाह देते हुए कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है। हार से मायूस होने की जरूरत नहीं है।

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने खेल मंत्री को भरोसा दिलाया कि आने वाले मुकाबलों में देश और प्रदेश का नाम रौशन करने और अपना प्रदर्शन और अधिक बेहतर करने के लिए जी तोड़ मेहनत करेंगे। इस मौके पर खेल मंत्री ने हॉकी के कई खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। हॉकी खिलाडिय़ों ने खेल मंत्री को अपने ऑटोग्राफ वाली टी-शर्ट और हॉकी स्टिक भेंट की।

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो