heat wave remedies: बढ़ने लगा है लू का कहर, जानिए लू के लक्षण, नुकसान और बचने के तरीके

गर्मियों में आग उगलता सूर्य औऱ तेज गर्म हवाएं किसी को भी नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में अक्सर लोगों को लू लग जाती है। इसके लक्षण और उपचार के तरीके जानिए।

calender
होली खत्म होते ही मौसम गर्म होने लगा है और भारत के कई इलाकों में इतनी गर्मी हो गई है कि लू चलने लगी है। मुंबई और राजस्थान के कई इलाकों में पारा तेजी से चढ़ रहा है और दिल्ली एनसीआर सहित मैदानी इलाके इस लू की चपेट में आ  रहे हैं। लू की बात करें तो लू का कहर दो से तीन दिन तक काफी कहर बरपाता है। सूरज की तेज गर्मी के बीच जब गर्म हवा का दबाव बढ़ता है तो लू चलने लगती है। ऐसे में लू यानी हीट वेव का सबसे ज्यादा असर शरीर पर पड़ता है। इंसान के साथ साथ जानवरों को भी लू लगती है। आपको बता दें कि घर के अंदर रहने वालों की तुलना में लू के दौरान बाहर रहने वालों पर लू का ज्यादा प्रकोप पड़ता है। चलिए जानते हैं कि लू का शरीर पर किस तरह बुरा प्रभाव पड़ता है और लू से कैसे बचा जा सकता है। 
 
लू क्यों लग जाती है
लू लगने का मुख्य कारण है ज्यादा देर तक घर से बाहर तेज धूप और गर्मी में बिना पानी के रहना। कई बार गर्मी में ज्यादा एक्सरसाइज करने से भी लू लग जाती है। कई बार कम पानी पीने के चलते भी लू लग जाती है और कई बार बिलकुल ठंडे माहौल से एकदम गर्मी में आने से भी लू लगने का इफेक्ट होता है।
 
लू के लक्षण क्या हैं
लू लगने के बाद शरीर में काफी थकान महसूस होने लगती है। मुंह और गला सूखने लगता  है। शरीर गर्म हो जाता है और बुखार भी आ जाता है, लेकिन इस दौरान पसीना नहीं आता। बार बार उल्टी या मतली महसूस होती है। इसके अलावा सिर में तेज दर्द होता है और कमजोरी फील होती है। व्यकि को सांस लेने में तकलीफ होने लगती है। कई बार दस्त लग जाते हैं औऱ रोगी बेहोशी की स्थिति में आ जा जाता है। अगर लू में ज्यादा देर तक रहा जाए तो डिहाइड्रेशन के चलते बेहोश हो सकता है और कई बार दिल की धड़कन अनियमित हो जातीहै और व्यक्ति को हार्ट अटैक या स्ट्रोक तक आ सकता है। ऐसी में मौत या कोमा की स्थिति भी आ सकती है।  
 
लू से कैसे बचा जाए
लू से बचने का सबसे सटीक उपाय है कि तेज गर्म हवाओं और तेज सूरज की रोशनी में निकलने से बचना चाहिए। अगर मजबूरी में आपको घर से बाहर निकलना पड़ रहा तो पर्याप्त रूप से पानी या इलेक्ट्रोल पीकर ही घर से बाहर निकलना चाहिए। घर से बाहर निकलते समय सिर पर टोपी, रुमाल या गीला तौलिया रखना चाहिए। छाता अपने पास जरूर रखना चाहिए। अपने बैग में पानी या इलेक्ट्रोल की बोतल रखनी चाहिए ताकि आप समय समय पर पानी पीते रहें।  बाहर निकलते समय सिंथेटिक कपड़ो की बजाय कॉटन के हल्के और ढीले कपड़े पहनने चाहिए। ऐसे कपड़े हवादार होते हैं औऱ जल्द पसीना सोख लेते हैं। अगर आप घर से बाहर जा रहे हैं तो खाली पेट बाहर जाने को अवॉइड करें। आंखों पर काला चश्मा पहनना चाहिए और कान पर भी रूमाल आदि बांध लेना चाहिए। अगर कहीं खड़ा होना है तो कोशिश  करनी चाहिए कि छायादार जगह पर खड़े हों जहां अच्छी हवा आ रही हो। सूरज की रोशनी में खड़े होने से बचना चाहिए। समय समय पर नारियल पानी, ठंडा दूध या जलजीरा आदि पीते रहे जिससे आपके शरीर में पानी की कमी नहीं होगी।  
 
लू लग जाए तो क्या करना चाहिए
अगर कोशिश करने के बाद भी आप लू के प्रकोप से नहीं बच पाए और आपको लू लग गई है तो प्राथमिक उपचार के रूप में सबसे पहले किसी ठंडी जगह पर लेट जाना चाहिए। धीरे धीरे सांस लेते रहें और पानी या इलेक्ट्रोल  पिएं। गीले कपड़े से व्यक्ति के अंगों को पोंछना चाहिए ताकि उसका तापमान नियंत्रित हो सके। ऐसे में नींबू पानी का सेवन बहुत अच्छा होता है। व्यक्ति के शरीर और सिर पर गीला तौलिया रखना या गीले स्पंज से पोंछना काफी अच्छा होता है। जब आपको बेहतर लगे या शरीर का तापमान कुछ कम हो जाए तो ताजे पानी से नहाना चाहिए ताकि शरीर की गर्मी निकल जाए। संतरा, खरबूज, तरबूज का सेवन करना इस दौरान काफी अच्छा होता है।
 
लू से बचने के लिए क्या खाना चाहिए
लू से बचने के लिए आम का पन्ना पीना चाहिए। इस दौरान कच्चे प्याज का सेवन करने से भी फायदा मिलता है। लू से बचने के लिए ताजा छाछ पीने से भी शरीर को ताकत और हाइड्रेशन मिलता है। इस दौरान नारियल पानी पीना भी काफी फायदेमंद होता है। गन्ने का रस पीकर भी शरीर को नमी और ताजगी मिलती है। 
First Updated : Thursday, 16 March 2023