साल 2023 है भारत के लिए बेहद खास, पहली बार देश रचेगा ये इतिहास

भारत, साल 2023 में कई नए कीर्तिमान रचने जा रहा है। जी हां, आपको बता दें कि जी-20 की मेजबानी और 5जी की रफ्तार के साथ भारत इस साल दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बनने जा रहा है।

calender

साल 2023 का आगाज हो चुका है और पूरी दुनिया इस नए वर्ष की तरफ बेहतरी की आस लगाए देख रही है। एक तरफ जहां देश-दुनिया को कोरोना का डर सता रहा हैं तो वहीं नए साल में कुछ नया और बेहतर होने का आस भी है। वैसे बात करें अपने देश की तो भारत, साल 2023 में कई नए कीर्तिमान रचने जा रहा है। जी हां, आपको बता दें कि जी-20 की मेजबानी और 5जी की रफ्तार के साथ भारत इस साल दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बनने जा रहा है। चलिए आपको इन सभी घटनाक्रमों के बारे में जरा विस्तार से बताते हैं।

भारत पहली बार करेगा जी-20 की अध्यक्षता

भारत, इस साल पहली बार 20 देशों के समूह जी-20 की अध्यक्षता के साथ इतिहास रचने जा रहा है। बता दें कि देश में हो रहे जी-20 सम्मेलन में दुनिया के तकरीबन 45 देश हिस्सा लेने वाले हैं, जहां देश के 56 शहरों में 200 बैठकें आयोजित होनो वाली हैं। मालूम हो कि जी-20 ब्रिटेन, अमेरिका, रूस, जर्मनी, फ्रांस और चीन समेत 20 देशों का समूह है जो दुनिया के वित्त और रणनीति जैसे मुद्दों के लिए साझा मंच देता है। ऐसे में पहली बार इस समूह की मेजबानी करना भारत के लिए वैश्विक स्तर पर अपनी साख मजबूत करने सरीखा है।

भारत बन जाएगा सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश

जी हां, आबादी के मामले में अब तक दूसरे नंबर पर रहने वाला भारत इस साल चीन को पछाड़ कर पहले स्थान पर आने वाला है। दरअसल, संयुक्त राष्ट्र संघ के आकलन के अनुसार इस साल 14 अप्रैल तक भारत की आबादी चीन से अधिक हो जाएगी। असल में फिलहाल हमारे देश की जनसंख्या तकरीबन 141.2 करोड़ है जबकि चीन की आबादी 142.5 करोड़ की है। वहीं भारत में जनसंख्या वृद्धि दर 0.7% है तो चीन की में 0.01%। ऐसे में देखा जाए तो चीन से अधिक जनसंख्या वृद्धि दर के चलते अप्रैल तक भारत की आबादी 142.2 करोड़ होते ही वो चीन को पछाड़ देगा।

5जी स्पीड के साथ देश रचेगा नया आयाम

इस साल देश 5जी स्पीड के साथ मनोरंजन के साथ ही शिक्षा-स्वास्थ्य जगत में नया आयाम रचने के लिए तैयार है। गौरतलब है कि बीते साल ही देश में 5जी नेटवर्क की नींव रखी जा चुकी है, वहीं इस साल सुचारू ढंग से इसके कार्यान्वयन की उम्मीद है। ऐसे में माना जा रहा है कि इससे न सिर्फ मनोरंजन जगत में नई क्रांति आएगी, बल्कि ये शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी अहम साबित होगा। जैसे कि देश में 5जी कनेक्टेड एंबुलेंस सेवाओं से स्वास्थ्य सुविधाओं में बेहतरी तो वहीं 3डी मॉडल से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद की जा रही है।

वनडे वर्ल्ड कप में 100करोड़ व्यूअरशिप का आंकड़ा होगा पार

मालूम हो कि इंडिया इस साल 13वें वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप की मेजबानी भी कर रहा है, जोकि अक्टूबर-नवंबर में आयोजित होने वाला है। वहीं बता दें कि ऐसा पहली बार हो रहा है वर्ल्ड कप के सभी 48 मैच देश में होंगे। ऐसे में इंडिया में किकेट के प्रति दीवानगी को देखते हुए माना जा रहा है कि वर्ल्ड कप के इन मैचों की व्यूअरशिप 42% बढ़ सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो इस बार 100करोड़ व्यूअरशिप का आकड़ा पार हो सकता है, जबकि पिछले वर्ल्ड कप में 70.6 करोड़ व्यूअर्स मिले थे।

 

First Updated : Monday, 02 January 2023