लंदन में राहुल गांधी के बयान पर किरेन रिजिजू ने कहा- देश को बदनाम करेंगे तो चुप नहीं रहेंगे

बिट्रेन में राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार करते हुए कहा कि कोई अगर देश को गाली देगा तो ये देश उसको कभी माफ़ नहीं करेगा

calender

केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के चौथे दिन की कार्यवाही शुरू होने से ठीक पहले रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने विदेश में देश का अपमान किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयानों पर भाजपा और केद्र सरकार पर हमलावर है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कोई अगर देश को गाली देगा तो ये देश उसको कभी माफ़ नहीं करेगा। देश के लोगों ने अगर कांग्रेस को नकार दिया है तो यह हमारी गलती नहीं है। हम भारत के लिए काम करते हैं, जो '𝐓𝐞𝐦𝐩𝐥𝐞 𝐨𝐟 𝐃𝐞𝐦𝐨𝐜𝐫𝐚𝐜𝐲' है; हम किसी को उसका अनादर करने का जोखिम नहीं उठा सकते। राहुल गांधी को देश का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं है।

किरेन रिजिजू ने कहा कि वह कुछ भी बोलते हैं, अपनी ही पार्टी को नुकसान पहुंचाते हैं। लेकिन हमें उनके आंतरिक मामलों और विनाश में कोई दिलचस्पी नहीं है। लेकिन अगर वह देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता है, तो हम चुप नहीं रहेंगे और हम उसे माफ नहीं करेंगे! सिर्फ इसलिए कि देश ने कांग्रेस को खारिज कर दिया है इसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें देश के बारे में बुरा बोलने का अधिकार मिल गया है।

किरेन रिजिजू ने कहा कि 'यह उन्हें विदेशी भूमि पर संसद का अपमान करने, लोकतंत्र का अपमान करने का अधिकार नहीं देता है। दो बातें मैं बहुत ही स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं- राहुल गांधी ने लंदन में जाकर झूठ बोला। संसद में जितना समय उन्हें दिया गया था उस से अधिक उन्होंने बोला… सदन के नियमों को तार-तार कर झूठ बोला। दूसरा उन्होंने बोला कि वो देश में जाकर अपनी बात नहीं कह सकते हैं… रोक दिया जाता है लेकिन आप सबने देखा कि उन्होंने यात्रा की और दिन बोलते रहे।'

कानून मंत्री ने कहा कि 'इस देश में जो सबसे ज़्यादा बोलता है वही कह रहा है कि बोलने नहीं दिया जाता। अगर कांग्रेस पार्टी को लगता है कि हमारे देश का अपमान करना कोई गंभीर बात नहीं है तो वह संसद में लोगों के एक वर्ग का प्रतिनिधित्व करने के लायक नहीं है। यह देश के लिए बहुत दुखद है कि संसद का एक सदस्य खुद संसद की गरिमा को गिराने का काम कर रहा है। हम जनता के हित में बोलते हैं लेकिन भारत विरोधी ताक़तें जितनी भी हैं उन सभी की भाषा और लाइन एक है, जो राहुल गांधी बोलते हैं वही भाषा भारत के अंदर और भारत के बाहर…भारत के विरोध में काम करने वाले बोलते हैं।'

First Updated : Thursday, 16 March 2023