Independence Day 2023 : जानिए तिरंगे में रंगों और अशोक चक्र का क्या महत्व है

National Flag : तिरंगे में तीन रंग होते हैं. इनमें केसरिया, हरा, सफेद शामिल है. वहीं इसमें नीले रंग से अशोक चक्र भी बना हुआ है. झंडे की लंबाई और चौड़ाई के अनुपात 3:2 रखने का प्रावधान है.

calender

National Flag Of India : भारत मंगलवार 15 अगस्त को अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा. इस राष्ट्रीय दिवस की धूम देशभर में देखने को मिल रही है. पिछले साल की तरह इस साल भी केंद्र सरकार की ओर से हर घर तिंरगा अभियान चलाया जा रहा है. राष्ट्रीय ध्वज हमारे देश की आन-बान और शान है. तिरंगे के प्रति देश का हर नागरिक सम्मान और समर्पण का भाव रखता है. तिरंगे में तीन रंग होते हैं. इनमें केसरिया, हरा, सफेद शामिल है. वहीं इसमें नीले रंग से अशोक चक्र भी बना हुआ है. आज हम आपको इनके महत्व के बारे में बताएंगे.

राष्ट्रीय झंडे में रंगों का महत्व

देश के राष्ट्रीय ध्वज में तीन रंग शामिल हैं इसलिए इसे तिरंगा भी कहा जाता है. झंडे की लंबाई और चौड़ाई के अनुपात 3:2 रखने का प्रावधान है. झंडे में सबसे ऊपर केसरिया रंग, फिर उसके नीचे सफेद और हरा रंग होता है. वहीं झंडे में सफेद रंग की पट्टी के बीच में नीले रंग का अशोक चक्र होता है. इसमें 24 तीलियां बनी होती हैं. आपको बता दें कि तिरंगे में केसरिया रंग शक्ति और साहस का प्रतीक है, सफेद रंग शांति और सच्चाई का और हरा रंग धरती की उर्वरता, वृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है.

अशोक चक्र का महत्व

राष्ट्रीय ध्वज में अशोक चक्र भी होता है. यह सारनाथ स्थित अशोक स्तंभ से लिया गया है. जानकारी के अनुसार यह स्तंभ सम्राट अशोक के समय उनके धम्म के प्रचार के उद्देश्य से बनवाया गया था. तिरंगे के अशोक चक्र में कुल 24 तीलियां होती हैं और इसका रंग नीला होता है. ये तीलियां मनुष्य के गुणों को प्रदर्शित करती हैं. साथ ही चहुंमुखी विकास, प्रगति, निरंतरता और कर्तव्य का संदेश देती है.

First Updated : Monday, 14 August 2023