मोदी सरकार ने की भारत जोड़ो यात्रा रोकने की कोशिश, अमेरिका में बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी ने अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करते देश की राजनीति से लेकर मोदी सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने भारत जोड़ो यात्रा रोकने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी थी।

calender

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेरिका के दौरे पर है। मंगलवार को सैन फ्रांसिस्को में राहुल गांधी ने भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र कर देश की राजनीति, भाजपा, आरएसएस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजनीति के लिए जिन संसाधनों की जरूरत है उन्हें नियंत्रित किया जा रहा है।

राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने उनकी भारत जोड़ो यात्रा रोकने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी थी, लेकिन कुछ नहीं काम आया और यात्रा का प्रभाव बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि ये इसलिए हुआ क्योंकि भारत जोड़ो का विचार हर किसी के दिल में है। 

दरअसल, राहुल गांधी मंगलवार को सात दिवसीय अमेरिका की यात्रा पर सैन फ्रांसिस्को पहुंचे। एक सप्ताह की यात्रा के दौरान राहुला गांधी तीन शहरों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे भारतीय अमेरिकियों को संबोधित करने और वॉल स्ट्रीट के अधिकारियों और विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ बातचीत कर कर सकते है।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें भगवान के साथ बैठा दे तो वे भगवान को भी समझा सकते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि "देश में कुछ ऐसे लोग हैं जिन्हें लगता है वो सब कुछ जानते हैं। भगवान से भी ज्यादा जानते हैं। वो भगवान के साथ बैठ सकते हैं और उन्हें भी समझा सकते हैं। मुझे लगता है हमारे देश के प्रधानमंत्री उनमें से एक हैं। अगर उन्हें भगवान के साथ बैठा दें तो वो भगवान को समझाना शुरू कर देंगे कि ब्रह्मांड कैसे काम करता है।"

राहुल गांधी ने कहा कि "भारत जोड़ो यात्रा ने स्नेह, सम्मान और विनम्रता की भावना को आगे बढ़ाया। यदि कोई इतिहास का अध्ययन करे तो यह देखा जा सकता है कि गुरु नानक देव जी, गुरु बसवन्ना जी, नारायण गुरु जी सहित सभी आध्यात्मिक नेताओं ने देश को एक समान तरीके से एकजुट किया।" बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर, 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई और 30 जनवरी को श्रीनगर में समाप्त हुई थी। भारत जोड़ो यात्रा ने लगभग 3000 किलोमीटर की दूरी तय की। 

First Updated : Wednesday, 31 May 2023