छत्तीसगढ़: हाईवे पर पलट गई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के काफिले की गाड़ी, एक की मौत, तीन घायल

देर रात नेशनल हाईवे-130 पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव के काफिले में शामिल पायलट वाहन पलट गया। इस हादसे में प्रधान आरक्षक की मौत हो गई और तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए

calender

छत्तीसगढ़। देर रात नेशनल हाईवे-130 पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव के काफिले में शामिल पायलट वाहन पलट गया। इस हादसे में प्रधान आरक्षक की मौत हो गई और तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। जिन्हें उदयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर अस्पताल में शिफ्ट करा दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार देर रात एक से दो बजे के बीच हुई। बता दें कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव अंबिकापुर में आज से हो रहे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए बिलासपुर से अंबिकापुर जा रहे थे। वहीं उनके काफिले में शामिल पायलट वाहन की गति काफी तेज थी। उदयपुर नर्सरी के पास वाहन पर से चालक का नियंत्रण हट गया और तेज गति की पायलट वाहन सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

बता दें कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। पायलट वाहन में चालक सहित चार पुलिस कर्मचारी सवार थे। तत्काल सभी को घटनास्थल से दूसरे वहां से उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने प्रधान आरक्षक रविशंकर (55 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों में रामदेव (44 वर्ष) को कंधे में चोट लगी है। प्रदीप (29 वर्ष) को हाथ, पैर और कमर में चोट है। अनिल पैकरा (32 वर्ष) के गले, सीने और कमर में चोट आई है।

जानकारी के अनुसार घायलों के उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव भी मौजूद रहे। प्राथमिक उपचार करने के बाद तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से देर रात अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज शिफ्ट करा दिया गया है, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। अस्पताल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अध्यक्ष अरुण साव, एसडीओपी अखिलेश कौशिक, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी धीरेंद्र नाथ दुबे उपस्थित रहे।

आपको बता दें कि आज से अंबिकापुर में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हो रही है। इसी बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव सड़क मार्ग से बिलासपुर से अंबिकापुर आ रहे थे। यह हादसा उसी दौरान हुआ है। अन्य भाजपा नेता और वरिष्ठ पदाधिकारी दुर्ग ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचने वाले हैं। वहीं भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन सड़क मार्ग से देर रात अंबिकापुर पहुंचे हैं।

First Updated : Friday, 20 January 2023