मध्य प्रदेश: भिंड में शादी वाले घर में खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आग, 11 लोग झुलसे

मध्य प्रदेश में भिंड जिले के गोरमी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार दोपहर शादी समारोह वाले एक घर में सिलेंडर पर खाना पकाते समय अचानक आग भड़क गई। मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में आग से 11 लोग झुलस गए हैं

calender

मध्य प्रदेश में भिंड जिले के गोरमी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार दोपहर शादी समारोह वाले एक घर में सिलेंडर पर खाना पकाते समय अचानक आग भड़क गई। मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में आग से 11 लोग झुलस गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और सिलेंडर फटने के कारणों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं गोरमी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने जानकारी देते हुए बताया कि, कचनाव कला गांव के अमर सिंह यादव के घर 22 फरवरी को उनके बेटे की शादी है। आज सोमवार सुबह घर में हल्दी की रस्में चल रही थी।

दोपहर करीब 12:30 बजे घर के अंदर खाना बनाया जा रहा था, तभी अचानक गैस सिलेंडर ने भीषण आग पकड़ ली और कार्यक्रम के दौरान ही गैस सिलिंडर फट गया। परिवार के सदस्यों ने आग पर काबू करना चाहा, लेकिन नाकामयाब रहे। आग बुझाने के दौरान इस हादसे में आग की चपेट में आकर 11 लोग झुलस गए। घायलों में अधिकांश महिलाएं हैं। साथ ही एक बच्चे के भी झुलने की खबर है।

सिलेंडर फटने से घायल हुए लोगों को तुरंत भिंड के जिला अस्पताल लाया गया है। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सिलेंडर फटने के कारणों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

First Updated : Monday, 20 February 2023