AAP सांसद राघव चड्ढा की बड़ी उपलब्धि, मिलेगा India UK Outstanding Honor Award

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कामयाबी का एक और झंडा गाड़ा है। वो एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहे हैं। यूनाइटेड किंगडम की संसद में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा इंडिया यूके आउटस्टैंडिंग एचीवर्स ऑनर अवार्ड से सम्मानित होंगे।

calender

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कामयाबी का एक और झंडा गाड़ा है। वो एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहे हैं। यूनाइटेड किंगडम की संसद में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा इंडिया यूके आउटस्टैंडिंग एचीवर्स ऑनर अवार्ड से सम्मानित होंगे। राघव चड्ढा को मिलने जा रहे इस सम्मान से पंजाब और देश का नाम रौशन हुआ है। राघव चड्ढा को सरकार, राजनीति, कानून और समाज श्रेणी के लिए उत्कृष्ट उपलब्धिकर्ता के रूप में चुना गया। इसलिए वे यूके की संसद में पुरस्कार प्राप्त करेंगे।

इंडिया यूके अचीवर ऑनर भारत के 75वें स्वतंत्रता वर्षगांठ के अवसर पर यूके में पढ़ाई करने वाले युवा भारतीयों की शैक्षिक और व्यवसाय उपलब्धियों के सम्मान में मनाया जा रहा है। राघव चड्ढा को ये पुरस्कार 25 जनवरी 2023 को लंदन में यूके की संसद में दिया जाएगा। ये सम्मान ऐसे व्यक्तियों को दिया जाता है जो लोकतंत्र और न्याय का अनुभव कैसे किया जाता है और लोगों और ग्रह की भलाई के लिए एक साथ चुनौतीपूर्ण सामाजिक समस्याओं से कैसे निपटा जाता है, इसमें उत्कृष्टता का प्रदर्शन कर रहे हैं।

एक साल के भीतर चड्ढा को ये दूसरा अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिलने जा रहा है। पिछले साल उन्हें सबसे प्रतिष्ठित विश्व आर्थिक मंच द्वारा यंग ग्लोबल लीडर के रूप में सम्मानित किया गया था। बता दें कि राघव चड्ढा ने प्रतिष्ठित लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने लंदन में एक बुटीक वेल्थ मैनेजमेंट फर्म की स्थापना की थी।

इसके बाद वे स्वदेश लौट आए और एक युवा कार्यकर्ता के रूप में भ्रष्टाचार विरोधी कानून की मांग करते हुए इंडिया अगेंस्ट करप्शन मूवमेंट में शामिल हो गए। बाद में इस आंदोलन ने आम आदमी पार्टी का रूप अख्तियार कर लिया जिसका नेतृत्व अरविंद केजरीवाल ने किया। एक युवा नेता के रूप में चड्ढा 'आप' के संस्थापक सदस्य बने और केजरीवाल के मार्गदर्शन और सलाह के अनुसार काम किया।

First Updated : Tuesday, 24 January 2023