लोकसभा चुनाव में जेवर एयरपोर्ट बनेगा भाजपा का अहम हिस्सा

जेवर में बनने वाला नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आगामी लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए एक तुरुप का पत्ता साबित हो सकता है।

calender

नोएडा/ग्रेटर नोएडा: जेवर में बनने वाला नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आगामी लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए एक तुरुप का पत्ता साबित हो सकता है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कर रही ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी कंपनी का दवा है कि अगले साल 2024 के समाप्त होने तक इस हवाई अड्डे पर एक रनवे और एक टर्मिनल का काम लगभग पूरा हो जाएगा। अगले साल 2024 से नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरना भी शुरू हो जाएगी। ऐसे में राजनीति के जानकारों का मानना है कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार इस एयरपोर्ट का लाभ आगामी लोकसभा चुनावों में पूरी तरह से उठाना चाहेगी।  

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट की सूची में सबसे अहम और प्रथम स्थान पर काबिज है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाने की कोशिश साल 2012 में की गयी थी। इस काम को जमीनी स्तर पर साल 2015-16 में उतारा गया। गौरतलब है कि किसी भी स्थान पर एयरपोर्ट बनाने के लिए विभिन्न मंत्रालयों से उसकी अनुमति लेनी होती है। इस काम को काफी बेहतर ढंग से यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह और भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया।

नागरिक उड्डयन मंत्री के पद पर दी जेवर को अनुमति

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का काम जब कागजों पर चल रहा था। उस समय सांसद डॉ. महेश शर्मा को केंद्र सरकार ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय की जिम्मेदारी दी थी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय होने के चलते भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा ने जेवर एयरपोर्ट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल करा दिया। इस एयरपोर्ट की शुरुआत के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के कई अधिकारियों और नेताओं ने भी अहम भूमिका निभायी।

भूमि अधिग्रहण पर सीईओ और तत्कालीन डीएम ने निभाई अहम भूमिका

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को कागजों से जमीनी स्तर पर उतारने की अहम जिम्मेदारी यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह और तत्कालीन जिलाधिकारी बीएन सिंह को दी गयी। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह और तत्कालीन जिलाधिकारी बीएन सिंह ने भूमि अधिग्रहण को लेकर आ रही सभी कानूनी अड़चनों को हटाने का काम किया था। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लेकर दोनों के कामों की पूरे प्रदेश समेत देश भर में चर्चा हुई थी। 

महेश शर्मा, बीएन सिंह और धीरेंद्र सिंह लेना चाहते हैं श्रेय

भाजपा के सूत्र बताते हैं कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का श्रेय भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा, तत्कालीन जिलाधिकारी बीएन सिंह और जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह लेना चाहते हैं। जहां भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा और जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह पिछले कई सालों से राजनीति के मैदान पर है। वहीं, अब तत्कालीन जिलाधिकारी बीएन सिंह भी गौतमबुद्ध नगर की लोक सभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा भाजपा हाईकमान को जता चुके हैं। भाजपा के सूत्र बताते हैं कि तत्कालीन जिलाधिकारी बीएन सिंह का संबंध रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से काफी गहरा माना जाता है।

First Updated : Saturday, 18 March 2023