मध्‍य प्रदेश: कई क्षेत्रों में तेज बारिश और ओलावृष्टि, फसलों को हुआ भारी नुकसान, बिजली गिरने से 8 लोगों की हुई मौत

मध्य प्रदेश में मार्च के महीने में मानसून जैसा माहौल बन गया है। वर्तमान समय में अलग- अलग जगहों पर लगभग छह मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। उनके प्रभाव से आसमान में बादल छाए हुए हैं। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने के साथ- साथ बारिश भी हुई

calender

मध्य प्रदेश में मार्च के महीने में मानसून जैसा माहौल बन गया है। वर्तमान समय में अलग- अलग जगहों पर लगभग छह मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। उनके प्रभाव से आसमान में बादल छाए हुए हैं। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने के साथ- साथ बारिश भी हुई। बिजली गिरने से नर्मदापुरम, धार, सागर, रायसेन, बैतूल और अशोकनगर जिले में आठ लोगों की मौत हो गई।

रायसेन जिले में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत और पांच लोग गंभीर घायल -

बता दें कि रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील क्षेत्र के अलग- अलग जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को गैरतगंज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। बीते कुछ दिनों से बिगड़ा मौसम शनिवार के दिन सात लोगों पर कहर बनकर टूटा।

वहीं खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली गिरने से पप्पू साहू पिता हरचरण साहू (23 वर्ष) निवासी रजपुरा तथा इंद्रजीत पिता चन्द्रहारा विश्वकर्मा (24 वर्ष) निवासी सोडरपुर की मौत हो गई। इसके अलावा सुशील पिता हरचरण साहू (28 वर्ष) निवासी रजपुरा तथा अजय पिता धनसिंह रैकवार (22 वर्ष) निवासी सोडरपुर, दीपक आदिवासी पिता लीलाधर (25 वर्ष), छोटू रैकवार पिता गुड्डू (18 वर्ष) घायल हुए हैं। वहीं हालत गंभीर होने पर बुद्धुलाल पिता भोगीलाल खंगार (45 वर्ष) को रायसेन के जिला अस्पताल रेफर किया गया।

खेत पर काम करने के दौरान गिरी आकाशीय बिजली -

बता दें कि इस घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार राकेश शुक्ला घायल लोगों का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। थाना प्रभारी महेश टांडेकर ने बताया कि मृतक एवं घायल दोपहर करीब 4:00 बजे अपने खेत पर काम कर रहे थे, उसी दौरान अचानक बिजली कड़कने लगी। वहां पर आकाशीय बिजली गिरने से यह घटना घटित हुई।

घटना की जानकारी मिलने पर घायलों को गैरतगंज अस्पताल लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित किया गया और गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। तहसीलदार राकेश शुक्ला का कहना है कि मृतकों और घायलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी।

धार जिले में बेमौसम बारिश ने किसानो की मुसीबत बढ़ाई, आकाशीय बिजली से एक महिला की मौत -

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम बिजली की गड़गड़ाहट और तेज आंधी के साथ बेमौसम मावठे (ओले) की बरसात ने किसानों की मुसीबतें बढ़ा दी है। वहीं आकाशीय बिजली गिरने से ग्राम पंचायत शंभूपाड़ा के मजरे बांडियाबाग निवासी मीराबाई पत्नी भरत (33 वर्षीय) की मौत हो गई। दोनों पति और पत्नी खेत पर काम कर रहे थे। जब बारिश की बूंदाबांदी शुरू हुई तो दोनों घर जाने लगे। पति भरत कुछ दूर आगे निकल गया।

तभी पीछे आती हुई महिला पर अचानक आकाशीय बिजली गिरी और उसने वहीं पर दम तोड़ दिया। बाद में 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को सिविल अस्पताल लाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच कर महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अस्पताल की सूचना पर मर्ग कायम किया।

सूचना मिलने पर तहसीलदार अजमेर सिंह गौड़ भी अस्पताल पहुंचे तथा आवश्यक कागजी खानापूर्ति कर परिवार को शासन की तरफ से चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि तत्काल दिए जाने के लिए आश्वस्त किया। महिला के अंतिम संस्कार के लिए भी पांच हजार रुपए दिए जाएंगे।

खलिहान में रखी और खेतों में खड़ी फसलाें में हुआ काफी नुकसान -

दूसरी तरफ बारिश से खेत खलिहान में रखी फसलें और खेतों में खड़ी फसलाें में काफी नुकसान की संभावना जताई गई है। सब्जी मंडी में शेड के पास रखी व्यापारियों की लहसुन भी भीग गई। वहीं ठेकेदार द्वारा धीमी गति से डोम हाइराईज शेड निर्माण करने का खामियाजा व्यापारियाें को भुगतना पड़ रहा है। यहां मंडी में बिक्री के लिए वाहनों में उपज लेकर आए किसानों को वर्षा से बचाने के लिए बहुत मशक्कत करनी पड़ी। बारिश होने से खेतों में कीचड़ सा हो गया है, जिससे फसलों की कटाई में व्यवधान उत्पन्न हुआ।

रतलाम जिले में 15 मिमी बारिश हुई -

शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक रतलाम में 15 मिमी, रायसेन में तीन मिमी, नरसिंहपुर में एक मिमी, उज्जैन में 0.6 मिमी और नर्मदापुरम में 0.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। भोपाल, जबलपुर और मलाजखंड में हल्की बूंदाबांदी हुई। बेमौसम आंधी और पानी से खेतों में खड़ी और काटकर रखी फसलों में भारी नुकसान होने का अनुमान है।

First Updated : Saturday, 18 March 2023