आज से आम आदमी पर असर, LPG, हवाई सफर और पान-मसाला को लेकर 5 फैसले
आज 1 फरवरी को कुछ बदलाव हो रहे हैं. इसका सीधा असर घर के खर्च, यात्रा और जेब पर पड़ेगा. एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर हवाई सफर, तंबाकू उत्पादों, फास्टैग और बैंक छुट्टियों तक कई मोर्चों पर बदलाव देखने को मिल रहा है.

फरवरी महीने की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम नियमों में बदलाव लागू हो गए हैं. 1 फरवरी 2026 को देश का आम बजट पेश किया जा रहा है. वहीं इसी दिन से कुछ ऐसे फैसले प्रभावी हुए हैं, जिनका सीधा असर घर के खर्च, यात्रा और जेब पर पड़ेगा. एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर हवाई सफर, तंबाकू उत्पादों, फास्टैग और बैंक छुट्टियों तक कई मोर्चों पर बदलाव देखने को मिल रहा है.
पहला बदलाव: महंगा हुआ कमर्शियल LPG सिलेंडर
हर महीने की तरह फरवरी की पहली तारीख को भी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर के नए दाम जारी किए हैं. इस बार लगातार दूसरे महीने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है. 1 फरवरी 2026 से इसकी कीमतों में करीब 50 रुपये तक का इजाफा हुआ है. नई दरों के मुताबिक दिल्ली में यह सिलेंडर 1740.50 रुपये, कोलकाता में 1844.50 रुपये, मुंबई में 1692 रुपये और चेन्नई में 1899.50 रुपये का हो गया है. हालांकि, 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली है.
दूसरा बदलाव: हवाई ईंधन सस्ता, उड़ानें हो सकती हैं सस्ती
एलपीजी के उलट एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में कटौती की गई है. 1 फरवरी से ATF के दाम घटने से हवाई कंपनियों की लागत कम हो सकती है, जिसका फायदा यात्रियों को सस्ते टिकट के रूप में मिल सकता है. दिल्ली में एटीएफ की कीमत घटकर 91,393.39 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है. वहीं कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में भी ईंधन के दामों में कमी दर्ज की गई है.
तीसरा बदलाव: पान-मसाला और सिगरेट होंगे महंगे
तंबाकू उत्पादों और पान-मसाला का सेवन करने वालों के लिए यह खबर झटका देने वाली है. रिपोर्ट्स के अनुसार 1 फरवरी 2026 से इन उत्पादों पर अतिरिक्त टैक्स लगाया जा सकता है. सरकार ने जीएसटी के अलावा स्वास्थ्य एवं राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर लगाने का फैसला किया है, जिससे इनकी कीमतों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है.
चौथा बदलाव: FASTag यूजर्स को राहत
फास्टैग इस्तेमाल करने वालों के लिए एक राहत भरा बदलाव सामने आया है. NHAI ने कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय केवाईसी वेरिफिकेशन की अनिवार्यता खत्म कर दी है. यह नया नियम 1 फरवरी से लागू हो गया है, जिससे फास्टैग लेना अब और आसान हो जाएगा.
पांचवां बदलाव: फरवरी में ज्यादा बैंक छुट्टियां
फरवरी महीने में बैंक से जुड़े काम करने से पहले छुट्टियों की सूची जरूर देख लें. आरबीआई के कैलेंडर के अनुसार, साप्ताहिक अवकाश और विशेष अवसरों को मिलाकर इस महीने करीब 10 दिन बैंक बंद रहेंगे. खास बात यह है कि फरवरी की शुरुआत ही बैंक हॉलिडे के साथ हो रही है.


