आम आदमी पर महंगाई की मार, पेट्रोल-डीजल के बाद अब ब्रेड के भी बढ़े दाम

महंगाई की मार अब खाने-पीने की चीजों पर भी साफ दिखने लगी है. पेट्रोल-डीजल और दूध के बाद अब ब्रेड की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है. मुंबई में कई ब्रेड वैरायटी 5 रुपये तक महंगी हो गई हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: देश में लगातार बढ़ती महंगाई का असर अब आम आदमी की जेब पर भी पड़ने लगा है. पेट्रोल, डीजल और दूध के बाद अब ब्रेड के भी दाम बढ़ गए हैं. मुंबई में प्रमुख ब्रेड कंपनियों ने अपने उत्पादों की कीमत बढ़ा दी है. जिसके बाद से उपभोक्ताओं को तिहरी मार झेलनी पड़ रही है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रेड की कीमतों में 2 से 5 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है. कंपनियों का कहना है कि प्लास्टिक पैकेजिंग, ट्रांसपोर्टेशन और इम्पोर्टेड कच्चे माल की लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लेना पड़ा. रुपये की गिरती कीमत ने भी आयात लागत को और बढ़ा दिया है.

मॉडर्न ब्रेड ने बढ़ाए दाम

रिपोर्ट के अनुसार, 16 मई से मॉडर्न ब्रेड ने अपने बेसिक वेरिएंट की कीमतों में बड़ा इजाफा किया है. अंधेरी के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स में दूध और ब्रेड का स्टॉल चलाने वाले दुकानदारों ने बताया, "मॉडर्न की 400 ग्राम वाली सैंडविच ब्रेड की कीमत 40 रुपये से बढ़कर 45 रुपये हो गई है, होल व्हीट ब्रेड 55 रुपये से बढ़कर 60 रुपये और मल्टीग्रेन ब्रेड 60 रुपये से बढ़कर 65 रुपये हो गई है."

उन्होंने आगे कहा, "छोटी ब्राउन ब्रेड 28 रुपये की थी, जो अब 30 रुपये की हो गई है. सफेद ब्रेड 20 रुपये की थी; अब वह 22 रुपये की हो गई है."

क्यों बढ़ रही है ब्रेड की कीमत?

ब्रेड कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक और अन्य जरूरी सामग्री महंगी हो चुकी है. कंपनियों का कहना है कि, प्लास्टिक बैग बनाने में इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक पाउडर आयात किया जाता है और वह बहुत महंगा हो गया है. 

ट्रांसपोर्ट और कच्चे माल की लागत बनी वजह

कंपनी मालिकों का कहना है की , परिवहन लागत संसाधनों पर एक बड़ा बोझ है. इसके अलावा, प्रिजर्वेटिव, यहां तक कि नमक भी बहुत महंगे हो गए हैं. प्लास्टिक कैरी बैग और पेट्रोलियम उत्पाद बेतहाशा महंगे हो गए हैं.

वहीं उपभोक्ताओं का कहना है की कहा, पहले कीमतें प्रति ब्रेड 2 रुपये बढ़ती थीं, 3 रुपये की बढ़ोतरी भी चिंता का कारण बन जाती थी. अब, कीमतें एक ही बार में पांच-पांच रुपये तक बढ़ रही हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो