मई की शुरुआत में ही महंगाई का झटका, कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी
मई महीने के पहले ही दिन आम लोगों पर महंगाई का बोझ पड़ गया है. कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद, अब 5 किलोग्राम वाले सिलेंडरों की कीमत भी बढ़ गई है, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ा है.

नई दिल्ली: मई महीने की शुरुआत आम जनता के लिए महंगाई का बड़ा झटका लेकर आई है. कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल के बाद अब 5 किलो वाले छोटे LPG सिलेंडर के दाम में भी बड़ा इजाफा कर दिया गया है, जिससे घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ा है.
सूत्रों के मुताबिक, 'छोटू' सिलेंडर के नाम से मशहूर 5 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमत में ₹261 प्रति सिलेंडर की वृद्धि हुई है. इस दोहरी महंगाई ने खासकर उन लोगों को ज्यादा प्रभावित किया है, जो रोज कमाकर अपना गुजारा करते हैं.
अब कितना महंगा हुआ 5 किलो सिलेंडर
कीमतों में इस बढ़ोतरी के बाद 5 किलो वाले सिलेंडर के दाम तेजी से बढ़ गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, जो सिलेंडर पहले ₹549 में उपलब्ध था, वह अब बढ़कर ₹810 का हो गया है.
एक साथ ₹261 की बढ़ोतरी छोटे उपभोक्ताओं के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है.
कमर्शियल सिलेंडर में भी बड़ा उछाल
इससे पहले 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी ₹993 की बढ़ोतरी की गई थी. इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत ₹2,078.50 से बढ़कर ₹3,071.50 हो गई है.
किन लोगों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
5 किलो वाले छोटे सिलेंडर का उपयोग मुख्य रूप से वे लोग करते हैं जो किराये पर रहते हैं या जिनका स्थायी निवास नहीं होता.
प्रवासी मजदूर और छात्र प्रभावित
दूसरे राज्यों में काम करने वाले मजदूर और पढ़ाई के लिए शहरों में रहने वाले छात्र इस सिलेंडर पर निर्भर रहते हैं. अब उनके मासिक खर्च में भारी इजाफा होगा.
छोटे कारोबारियों पर भी असर
रेहड़ी-पटरी चलाने वाले, छोटे ढाबा संचालक और दैनिक कमाई पर निर्भर लोग भी इस बढ़ोतरी से प्रभावित होंगे, क्योंकि उनके लिए अब खाना बनाना महंगा हो जाएगा.
वैश्विक हालात का असर
गैस की कीमतों में इस तेजी के पीछे अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को जिम्मेदार माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमले के बाद वैश्विक स्तर पर LPG की आपूर्ति प्रभावित हुई है.
भारत में इसके संकेत पहले से दिखाई दे रहे थे, और अब कीमतों में हुई इस ताजा बढ़ोतरी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है.


