जब रिश्तों की दीवारें खून से रंग दी गईं... बेटी और दो लड़कों के साथ मिलकर महिला बनीं अपने ही पति की कातिल

असम के डिब्रूगढ़ में एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी और दो लड़कों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी, जिसे पहले हार्ट अटैक और फिर डकैती का रूप देने की कोशिश की गई. पुलिस पूछताछ में साजिश का खुलासा हुआ और चारों को गिरफ्तार कर लिया गया.

Simran Sachdeva

असम के डिब्रूगढ़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी और दो लड़कों के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी. शुरू में इस हत्या को हार्ट अटैक और फिर डकैती का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. मृतक के भाई को जब शव पर चोट के निशान दिखे तो शक की सुई परिवार पर ही टिक गई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.

घटना डिब्रूगढ़ के बोरबरुआ इलाके की है, जहां 25 जुलाई को उत्तम गोगोई का शव उनके घर में संदिग्ध हालत में पाया गया. शुरू में पत्नी बॉबी सोनवाल गोगोई और उनकी बेटी ने बताया कि ये मौत स्ट्रोक से हुई है, लेकिन बाद में घर में डकैती की कहानी गढ़ दी गई. हालांकि, जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो साजिश का पर्दाफाश हो गया.

कटी हुई कान की लौ ने खोला राज

मृतक के भाई ने जब शव को देखा तो उनके कान पर कट का निशान था और पास में एक खुली छतरी भी मिली. उन्होंने कहा कि अगर उसकी मौत स्ट्रोक से हुई होती तो उसके कान पर कट कैसे आता? इसी संदेह के आधार पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी और सच्चाई सामने लाने की मांग की.

पत्नी, बेटी और दो लड़के गिरफ्तार

डिब्रूगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रेड्डी ने बताया कि मृतक की पत्नी बॉबी सोनवाल गोगोई को गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही उनकी नाबालिग बेटी और दो लड़कों को भी हिरासत में लिया गया है. पूछताछ के दौरान बेटी ने गुनाह कबूल कर लिया है. पुलिस ने कहा है कि सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

मौके पर प्रदर्शन, दोषियों को फांसी की मांग

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने बोरबरुआ थाने के बाहर प्रदर्शन किया और सभी आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की. लोगों ने कहा कि इस हत्याकांड से समाज में डर और गुस्से का माहौल है, ऐसे में आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत ना कर सके.

पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. हालांकि दो लड़कों के बॉबी और उनकी बेटी से करीबी संबंध बताए जा रहे हैं, जिससे प्रेम संबंध और पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag