32 लाख मुसलमानों को BJP का बड़ा तोहफा, बांटी जाएगी 'सौगात-ए-मोदी' किट, जानिए क्या-क्या मिलेगा?

बीजेपी 'सौगात-ए-मोदी' अभियान के तहत 32 लाख गरीब मुसलमानों को ईद से पहले तोहफे के रूप में किट वितरित करेगी. इस अभियान की निगरानी बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे और इसे 32 हजार कार्यकर्ताओं द्वारा 32 हजार मस्जिदों तक पहुंचाया जाएगा.

Simran Sachdeva

ईद से पहले बीजेपी (BJP) गरीब मुसलमानों के लिए एक विशेष अभियान शुरू करने जा रही है, जिसका नाम है 'सौगात-ए-मोदी'. इस अभियान के तहत, बीजेपी 32 लाख गरीब मुसलमानों को तोहफे के रूप में एक किट प्रदान करेगी, जिससे वे अपनी ईद खुशी-खुशी मना सकेंगे. ये अभियान मंगलवार को दिल्ली के निजामुद्दीन से शुरू होगा और इसकी निगरानी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे. बीजेपी का कहना है कि ये पहल गरीब मुसलमानों को ईद की खुशियों में शामिल करने के उद्देश्य से की जा रही है.

इस अभियान के तहत, बीजेपी ने अपने 32 हजार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है. हर कार्यकर्ता एक मस्जिद की जिम्मेदारी संभालेगा और इस प्रकार देशभर में 32 हजार मस्जिदों तक पहुंच बनाई जाएगी. बीजेपी का लक्ष्य है कि इस किट के जरिए गरीब मुसलमानों को ईद से पहले एक तोहफा दिया जाए, ताकि वे शान से त्योहार मना सकें.

'सौगात-ए-मोदी' अभियान का उद्देश्य

बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने इस अभियान के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि ये अभियान ईद, भारतीय नववर्ष, नौरूज, ईस्टर और गुड फ्राइडे जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है. उनका कहना था कि देश में ऐसे कई अल्पसंख्यक समुदाय हैं जो अपने त्योहारों को सही तरीके से नहीं मना पाते. बीजेपी का ये कदम उन्हीं लोगों तक पहुंचकर उन्हें त्योहारों की खुशी देने का है.

किट में क्या होगा खास?

बीजेपी की ओर से दी जाने वाली 'सौगात-ए-मोदी' किट में कई चीजें शामिल होंगी, जिनमें कपड़े, सेंवइयां, खजूर, मेवे और चीनी शामिल हैं. खासकर महिलाओं को सूट के कपड़े दिए जाएंगे, जबकि पुरुषों के लिए कुर्ता और पायजामा का कपड़ा होगा. इस किट का मूल्य करीब 500 से 600 रुपये के बीच होगा, जो कि गरीब मुसलमानों के लिए एक मददगार पहल साबित होगी.

इसके साथ ही बीजेपी जिला स्तर पर ईद मिलन कार्यक्रम का भी आयोजन करेगी. बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी यासिर जिलानी का कहना था कि ये अभियान मुस्लिम समुदाय के लिए योजनाओं को प्रमोट करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag