'सात लोग गलत नहीं हो सकते...' आम आदमी पार्टी छोड़ BJP में शामिल राघव चड्ढा का आया नया वीडियो

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद से उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि पार्टी अब पहले जैसी नहीं रही. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में काम करने से रोका जाता है, संसद में बोलने का मौका नहीं मिलता और अंदरूनी माहौल बेहद खराब हो गया है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

राज्यसभा सांसद इन दिनों अपने एक बड़े राजनीतिक फैसले को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने आम आदमी पार्टी से अलग होकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

अपने इस फैसले के बाद उठे सवालों के बीच राघव चड्ढा ने सोमवार को सोशल मीडिया के जरिए एक वीडियो साझा कर विस्तार से अपनी बात रखी. उन्होंने AAP छोड़ने और BJP में शामिल होने के पीछे की वजहों को स्पष्ट करते हुए आलोचनाओं का जवाब देने की कोशिश की.

सोशल मीडिया पर पोस्ट

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में चड्ढा ने बताया कि AAP छोड़ने के ऐलान के बाद उन्हें बड़ी संख्या में लोगों के संदेश मिल रहे हैं. उन्होंने कहा, पिछले तीन दिनों से मुझे आप सभी से बहुत सारे संदेश मिल रहे हैं. आप में से अधिकतर लोग मुझे शुभकामनाएं दे रहे हैं और बधाई दे रहे हैं. वहीं कुछ लोग मेरे इस फैसले के पीछे की वजह जानना चाहते हैं.

15 साल के राजनीतिक सफर का जिक्र

अपने संबोधन में उन्होंने पार्टी के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया. उन्होंने कहा, मैं राजनीति में करियर बनाने नहीं आया था. मैं एक राजनीतिक दल का संस्थापक सदस्य बना. मैंने अपनी जवानी के 15 साल इस पार्टी को अपने खून-पसीने और कड़ी मेहनत से दिए.

पार्टी के कामकाज पर उठाए सवाल

राघव चड्ढा ने वर्तमान समय में पार्टी के कामकाज को लेकर असंतोष जताया. उन्होंने आरोप लगाया कि समय के साथ पार्टी का स्वरूप बदल गया है. उन्होंने कहा, आज यह पार्टी पुरानी पार्टी नहीं रही. आज इस पार्टी में काम करने का माहौल बहुत खराब है. आपको काम करने से रोका जाता है. आपको संसद में बोलने से रोका जाता है.

BJP में शामिल होने की वजह

अपने फैसले को स्पष्ट करते हुए चड्ढा ने कहा कि उन्हें पार्टी में लगातार अलग-थलग महसूस हो रहा था. उन्होंने कहा कि उन्हें लगने लगा था कि वह सही व्यक्ति हैं, लेकिन गलत मंच पर हैं. उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने कई विकल्पों पर विचार किया, जिसमें राजनीति छोड़ना, पार्टी के भीतर सुधार की कोशिश करना या किसी अन्य राजनीतिक दल में जाना शामिल था, और अंततः उन्होंने अंतिम विकल्प चुना.

‘सात लोग गलत नहीं हो सकते’

चड्ढा ने अपने फैसले को सामूहिक बताते हुए कहा, एक नहीं, दो नहीं, तीन नहीं, चार नहीं, पांच नहीं, छह नहीं बल्कि सात सांसदों ने इस राजनीतिक दल से अपना संबंध तोड़ने का फैसला किया है. उन्होंने आगे कहा, एक व्यक्ति गलत हो सकता है, दो लोग गलत हो सकते हैं, लेकिन सात लोग गलत नहीं हो सकते.

दबाव या डर की अटकलों का खंडन

उन्होंने उन आरोपों को भी खारिज किया जिनमें कहा जा रहा था कि उनका इस्तीफा किसी दबाव या भय के कारण है. चड्ढा ने कहा, हमने डर के कारण नहीं, बल्कि निराशा, मोहभंग और घृणा के कारण इस्तीफा दिया. उन्होंने आगे कहा, मैं और अधिक ऊर्जा और उत्साह के साथ आपकी समस्याओं को उठाना जारी रखूंगा.

सोशल मीडिया पर मिली तीखी प्रतिक्रिया

AAP छोड़ने और BJP में शामिल होने के 24 घंटे के भीतर ही राघव चड्ढा को सोशल मीडिया पर भारी प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा. रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में तेज गिरावट दर्ज की गई, जहां उनके 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स कम हो गए, जो बाद में बढ़कर 20 लाख तक पहुंच गए.

पुराने बयान हुए वायरल

राघव चड्ढा के इस राजनीतिक कदम के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई. कई समर्थकों ने उनके फैसले की आलोचना की, वहीं उनके पुराने वीडियो क्लिप और BJP के खिलाफ दिए गए बयान भी फिर से वायरल होने लगे, जिससे उनके इस बदलाव को लेकर चर्चा और गहरी हो गई.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो