दिल्ली में भीषण गर्मी का डबल अटैक! दो दिन येलो अलर्ट जारी, पारा 45°C पार जाने का खतरा
तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से आम जनजीवन पूरी तरह बेहाल है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के निवासियों के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी की है.

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली और इससे सटे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है. तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से आम जनजीवन पूरी तरह बेहाल है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के निवासियों के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी की है.
45 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के मुताबिक, इस हफ्ते के मध्य में दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकता है, जिसके चलते कई इलाकों में भीषण लू चलने की आशंका है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने दो दिनों के लिए 'येलो अलर्ट' भी जारी कर दिया है. मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, 19 और 20 मई को दिल्ली और आसपास के शहरों में भीषण लू चलने का 'येलो अलर्ट' रहेगा.
19 और 20 मई को लू का 'येलो अलर्ट'
18 से 20 मई के बीच दिल्ली का पारा 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 21 से 23 मई के बीच दिल्ली का पारा 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा.
देश के बाकी राज्यों का हाल
उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के मैदानी इलाके जहां इस हफ्ते भीषण लू की चपेट में रहेंगे, वहीं पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा. मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 मई को जम्मू-कश्मीर में और 20 से 23 मई के दौरान उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
बारिश का दौर जारी
इसके विपरीत, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मानसूनी गतिविधियों के चलते भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. अगले एक हफ्ते के दौरान उत्तर-पूर्वी भारत, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश का अनुमान है. साथ ही, आगामी तीन दिनों के भीतर तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, लक्षद्वीप और दक्षिण कर्नाटक के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी दी गई है.
सफदरजंग में 40 के पार पहुंचा तापमान
दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में शनिवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के सामान्य औसत से अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा. इस चालू महीने में यह दूसरा ऐसा मौका है जब पारा 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया है. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आज और कल 17 और 18 मई दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी के साथ-साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं. दिन के समय इन हवाओं की गति कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंचने की संभावना है.


