हैदराबाद में ट्रंप के नाम पर सड़क, खुश हुए अमेरिकी राष्ट्रपति, पर तेलंगाना में गरमाई सियासत

हैदराबाद में डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर सड़क रखे जाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने खुशी जताई और इसे खास सम्मान बताया. वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस और तेलंगाना के मुख्यमंत्री को निशाना बनाते हुए सवाल किए हैं.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के रिश्तों के बीच हैदराबाद से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हैदराबाद में अपने नाम पर सड़क का नाम रखे जाने पर खुशी जताई और इसे अपने लिए खास सम्मान बताया. उन्होंने कहा कि वह ऐसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं, जिनके नाम पर इस तरह सड़क का नाम रखा गया है. इस फैसले के बाद जहां अमेरिकी पक्ष ने इसे दोनों देशों की दोस्ती का प्रतीक बताया, वहीं भारत में इसे लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है.

बता दें कि तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास स्थित एक सड़क का नाम बदलकर 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' रखा गया है. यह कदम अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता वर्ष के सम्मान में उठाया गया. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में तेलंगाना के डिप्टी मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और अमेरिकी महावाणिज्य दूत लौरा विलियम्स मौजूद रहे. सभी ने मिलकर नई नामपट्टिका का अनावरण किया.

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जताया आभार

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर इस कार्यक्रम की तस्वीर साझा करते हुए खुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा कि हैदराबाद में उनके नाम पर सड़क का नाम रखा जाना उनके लिए सम्मान की बात है. अपनी पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि वह ऐसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं, जिन्हें इस तरह का सम्मान मिला है. उन्होंने इसके लिए भारत और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार भी व्यक्त किया.

अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने बताया ऐतिहासिक अवसर

हैदराबाद स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने भी इस मौके को खास बताया. दूतावास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिका के 250वें जन्मदिन के अवसर पर 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' का नामकरण दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी का प्रतीक है. पोस्ट में तेलंगाना सरकार और वहां के लोगों का धन्यवाद भी किया गया. दूतावास का कहना था कि यह कदम भारत और अमेरिका के रिश्तों को और मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक संदेश देता है.

इस सड़क की लोकेशन क्यों है खास?

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जिस सड़क का नाम 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' रखा गया है, वह हैदराबाद के उस प्रमुख कारोबारी क्षेत्र में स्थित है, जहां माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और अमेजन जैसी कई बड़ी अमेरिकी टेक कंपनियों के कार्यालय मौजूद हैं. इसी वजह से इस सड़क का नामकरण केवल एक औपचारिक फैसला नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे अमेरिका और हैदराबाद के बीच आर्थिक और तकनीकी सहयोग से भी जोड़कर देखा जा रहा है.

नामकरण के बाद शुरू हुई राजनीतिक बहस

इस फैसले के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं. भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को निशाने पर लिया. बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस लगातार डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना करती है, तो फिर उसी पार्टी की सरकार उनके नाम पर सड़क क्यों बना रही है. पूनावाला ने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम में खुद तेलंगाना के डिप्टी मुख्यमंत्री शामिल हुए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार ने इस फैसले का समर्थन किया.

शहजाद पूनावाला ने अपनी टिप्पणी में एक पुराने राजनीतिक मुद्दे का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पहले भी जब राहुल गांधी उद्योगपति गौतम अडानी को लेकर सवाल उठा रहे थे, तब तेलंगाना सरकार ने अडानी समूह के साथ समझौता किया था. बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व और तेलंगाना सरकार के फैसलों में विरोधाभास दिखाई देता है. वहीं, इस पूरे मामले पर कांग्रेस की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो