झारखंड के 67 केंद्रों पर NEET री-एग्जाम आज, सेंटर्स के आसपास धारा 163 लागू
पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद रद्द हुई देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट-यूजी 2026' की पुनर्परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित होने जा रही है. राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने इस बार परीक्षा की साख और विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए 'जीरो एरर और जीरो ट्रस्ट' नीति लागू की है.

रांची: पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद रद्द हुई देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट-यूजी 2026' की पुनर्परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित होने जा रही है. राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने इस बार परीक्षा की साख और विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए 'जीरो एरर और जीरो ट्रस्ट' नीति लागू की है. करीब सात सप्ताह के कड़े इंतजार के बाद आज देश के 551 और विदेशों के 14 शहरों में बने 5000 से अधिक केंद्रों पर 22.79 लाख से अधिक छात्र अपनी किस्मत आजमाएंगे. झारखंड में भी इस महापरीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
झारखंड के 21 शहरों में मुस्तैद प्रशासन
झारखंड राज्य के 21 प्रमुख शहरों में नीट परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 67 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं. राजधानी रांची शिक्षा का मुख्य केंद्र होने के कारण सबसे संवेदनशील है, जहां सबसे अधिक 21 केंद्र बनाए गए हैं. शनिवार शाम को ही सभी परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल की संयुक्त टीमों ने मॉक ड्रिल किया. इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया गया. परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए गोपनीय सामग्री को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने का जिम्मा पुलिस और सुरक्षा बलों को सौंपा गया है.
1:30 बजे बंद होंगे गेट
इस बार छात्रों की सुविधा और निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए परीक्षा पैटर्न और समय सारणी में कुछ बदलाव किए गए हैं.
अतिरिक्त समय: दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाली इस एक पाली की परीक्षा में अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र हल करने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा.
प्रवेश का समय: परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे ही केंद्रों पर रिपोर्ट करना होगा. दोपहर 1:30 बजे मुख्य द्वार पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा.
ड्रेस कोड व पाबंदियां: अभ्यर्थियों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं. किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, गैजेट या आभूषण पहनकर आने पर केंद्र के भीतर प्रवेश वर्जित रहेगा.
परीक्षा केंद्रों के बाहर धारा 144 और ट्रैफिक चुनौती
रविवार को ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस होने के कारण सड़कों पर भीड़भाड़ की स्थिति से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट चार्ट तैयार किया है. परीक्षार्थियों को जाम से बचाने के लिए सड़कों पर पर्याप्त मात्रा में ट्रैफिक जवान तैनात रहेंगे. इसके अतिरिक्त, परीक्षा की शुचिता भंग न हो, इसलिए सभी 67 केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू कर दी गई है. एनटीए ने भ्रामक खबरों से बचने के लिए छात्रों को केवल आधिकारिक सूचनाओं और नए शुरू किए गए व्हाट्सऐप चैनल पर ही भरोसा करने की सलाह दी है.


