केतन की मौत से पहले सिया ने चेतन से कर ली थी गुपचुप शादी? पुणे हत्याकांड में नए खुलासे ने मचा दिया हड़कंप
केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब ऐसा दावा सामने आया है जिसने जांच की दिशा ही बदल दी है. मुख्य आरोपी सिया को लेकर जानकारी सामने आई है कि उन्होने बॉयफ्रेंड चेतन से गुपचुप शादी की थी.

महाराष्ट्र: पुणे के चर्चित लोहगढ़ किला हत्याकांड में जांच के दौरान एक नया दावा सामने आया है. पुलिस अब इस एंगल की भी जांच कर रही है कि क्या मुख्य आरोपी सिया गोयल ने अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की मौत से पहले ही अपने कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी से गुपचुप शादी कर ली थी. इस नए खुलासे के बाद मामले की जांच और भी गहरी हो गई है.
सीक्रेट मैरिज के दावे की जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, पुणे ग्रामीण पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि करीब चार महीने पहले सिया गोयल और चेतन चौधरी ने स्थानीय रजिस्ट्रार कार्यालय में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी की थी या नहीं. पुलिस इस कथित शादी से जुड़े दस्तावेज और मैरिज सर्टिफिकेट की भी तलाश कर रही है ताकि दावे की सच्चाई सामने आ सके.
दो दोस्तों के गवाह बनने का दावा
रिपोर्ट्स के अनुसार, सिया के कॉलेज के दो दोस्त इस कथित शादी के गवाह बताए जा रहे हैं. दावा है कि दोनों ने रजिस्ट्रार कार्यालय में गवाह के रूप में हस्ताक्षर भी किए थे. पुलिस अब इन दोनों की पहचान कर उनसे पूछताछ करने की तैयारी कर रही है.
जांच के दायरे में डिलीट की गई शादी की तस्वीरें
जांच में यह बात भी सामने आई है कि सिया से जुड़े एक निजी इंस्टाग्राम अकाउंट पर सिया और चेतन की वरमाला पहने हुए तस्वीरें साझा की गई थी. हालांकि बाद में इन तस्वीरों को हटा दिया गया. अब पुलिस उन तस्वीरों को रिकवर करने की कोशिश कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शादी का दावा कितना सही है.
पब्लिक नोटिस से बचने की भी जांच
स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी से पहले सार्वजनिक नोटिस देना अनिवार्य होता है. ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस प्रक्रिया से बचने के लिए किसी बिचौलिए की मदद ली गई या नियमों को दरकिनार करने की कोशिश हुई.
क्या है पूरा मामला?
सिया गोयल और कारोबारी केतन अग्रवाल की शादी नवंबर में होने वाली थी, लेकिन उससे पहले 18 जून को केतन की लोहगढ़ किले से गिरकर मौत हो गई. जांच एजेंसियों का आरोप है कि यह एक सुनियोजित साजिश हो सकती है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और कथित सीक्रेट शादी के दावे की भी पुष्टि करने में जुटी है.


