लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 शूटर STF एनकाउंटर में ढेर, हांसी के जिम संचालक की हत्या का था आरोप

दिल्ली पुलिस और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो कथित शूटर मुठभेड़ में मारे गए. इनके ऊपर हांसी के जिम संचालक की हत्या का आरोप था.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संयुक्त कार्रवाई में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो कथित शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया. पुलिस के अनुसार, दोनों पर पिछले महीने हरियाणा के हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या का आरोप था. मारे गए आरोपियों की पहचान प्रवेश और हिमांशु के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे और उनकी तलाश की जा रही थी.

गुप्त सूचना के बाद शुरू हुई कार्रवाई

हरियाणा STF के अनुसार, रविवार सुबह दिल्ली स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी हथियारों के साथ किसी नई वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की. जैसे ही पुलिस ने दोनों को रोकना चाहा, उन्होंने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हो गई.

गोलीबारी में कांस्टेबल घायल

मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल के पैर में गोली लग गई. इसके अलावा चार अन्य पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घायल कांस्टेबल का इलाज सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में चल रहा है.

जिम संचालक हत्याकांड से जुड़ा था मामला

पुलिस जांच के अनुसार, पिछले महीने हांसी में जिम संचालक कपिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था. जांच के दौरान पुलिस को सबूत मिले कि इस वारदात में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर प्रवेश और हिमांशु शामिल थे.

अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों आरोपियों को किसने संरक्षण दिया और उनके साथ इस गिरोह के अन्य कौन-कौन सदस्य जुड़े हुए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो